लखीमपुर खीरी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सभी मंदिरों में तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। एलआरपी स्थित इस्कॉन मंदिर में शुक्रवार को भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मीडिया प्रभारी नूतन मिश्रा ने बताया कि उत्सव के दौरान भक्तों की ओर से हरे कृष्ण महामंत्र का जाप, झूलन यात्रा, नंदलाला का महाभिषेक और भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य का भव्य उत्सव मनाया जाएगा। इसके अलावा आकर्षक धार्मिक झांकियां और बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के अवसर पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादम की व्यवस्था भी की गई है। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और आयोजन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
मंदिर के संचालक सुनील मुकुंद दास ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में सहभागी बनने की अपील की।
बाजार में भी खूब हुई खरीदारी
फोटो 36
गोला गोकर्णनाथ। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आज मनाई जाएगी। पर्व मनाने के लिए लोगों ने घरों, मंदिरों की साफ-सफाई, साज, सज्जा शुरू कर दी है। जन्माष्टमी को लेकर बृहस्पतिवार को तीर्थ बाजार, मेला मैदान, पंजाबी मार्केट में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ दिखी। लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण के वस्त्र, मुकुट, मोरपंख, बांसुरी, माला, कंठी, हार, झूला, सिंहासन, मुकुट, चंदन, तिलक, माला और शृंगार की सामग्री खरीदी। इसके अलावा पूजा के लिए फूल, माला, धूप, अगरबत्ती, रोली, अक्षत, कलावा, पंचामृत की सामग्री, मिठाई और फल की भी खरीदारी की। जन्माष्टमी पर जहां मंदिरों में उत्सव मनाया जाएगा, वहीं श्रद्धालु अपने घरों में जन्मोत्सव मनाएंगे। संवाद
श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर खरीदारी करते श्रद्धालु। संवाद