स्टेशन मार्ग से रहेगा कॉरिडोर का प्रवेश मार्ग
स्टेशन मार्ग स्थित अंगद धर्मशाला को हटाकर जिला पंचायत की भूमि से होते हुए कॉरिडोर का प्रवेश मार्ग बनाया जाएगा। छह जुलाई को हुई बैठक में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने छोटी काशी कॉरिडोर निर्माण को लेकर स्थिति स्पष्ट की थी। उन्होंने बताया था कि सभी अड़चनें दूर हो चुकी हैं। कॉरिडोर भव्य स्वरूप में बनेगा। अगला सावन कॉरिडोर में ही होगा। 45 लाख रुपए आ भी चुके हैं। हो सकता है अगले महीने मुख्यमंत्री कॉरिडोर के भूमि पूजन के लिए आएं।
वर्तमान में प्रस्तावित कॉरिडोर की स्थिति
राजस्व अभिलेखों में गाटा संख्या 368, 364, 363, 369, 379 से 1.932 हेक्टर (लगभग पांच एकड़) भूमि कॉरिडोर बनाया जाएगा। लाइट एंड साउंड से गोकर्ण तीर्थ को सजाया जाएगा, तीर्थ के जल को शुद्ध करने के लिए ऑक्सीडेशन प्लांट लगाया जाएगा। इसके अलावा बाउंड्रीवॉल, लाइट, स्टोन पाथवे, प्रवेश द्वार, कैंटीन ब्लॉक, यात्रीहाल, सीसीटीवी कैमरों से लैस कंट्रोल रूम, शौचालय, कॉरिडोर बनाने के साथ परिसर के मार्गों का चौड़ीकरण किया जाएगा।
एसडीएम गोला विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि सावन समाप्त हो गया है। इसी सप्ताह होने वाली बैठक में कॉरिडोर निर्माण को लेकर निर्णय लिया जाएगा। अति शीघ्र निर्माण शुरू होगा।