गोला गोकर्णनाथ। महाशिवरात्रि के अवसर पर नगर के पौराणिक शिव मंदिर एवं कॉरिडोर परिसर में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इस वर्ष भी गोकर्ण तीर्थ में जल नहीं भरा जाएगा। जल भरने वाले ट्यूबवेल के पाइप को सील कर दिया गया है।
पौराणिक शिव मंदिर कमेटी अध्यक्ष जनार्दन गिरि ने बताया कि 22 फरवरी, 2025 को मुख्यमंत्री ने कॉरिडोर की आधारशिला रखी थी। इस उपलक्ष्य में तीर्थ में भव्य शिवोत्सव का आयोजन होना है, इसलिए जल नहीं भरवाया जाएगा। पिछले साल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कॉरिडोर में भूमि पूजन किया था। इसके चलते महाशिवरात्रि पर तीर्थ जल विहीन रहा था। ईओ संजय कुमार ने बताया कि मंदिर कमेटी के निर्णय के अनुसार ही व्यवस्था की जा रही है।
शिवोत्सव को लेकर मंदिर क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा और व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। एएसपी अमित कुमार राय ने शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंदिर परिसर से पार्किंग स्थलों तक कुल 32 ड्यूटी पॉइंट बनाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में एएसपी, तीन सीओ, 14 इंस्पेक्टर, 61 दरोगा, 193 कांस्टेबल, 56 महिला कांस्टेबल तथा दो प्लाटून पीएसी तैनात की गई हैं।
मंदिर परिसर की आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी मितौली के सीओ यादवेंद्र सिंह को सौंपी गई है, जबकि बाहरी व्यवस्था निघासन के सीओ शिवम संभालेंगे। इस दौरान सीओ रमेश कुमार तिवारी और प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह भी मौजूद रहे।
-प्रवेश और पार्किंग की विशेष व्यवस्था-
श्रद्धालु मुख्य द्वार से प्रवेश करेंगे और वीआईपी द्वार से निकास होगा। विभिन्न मार्गों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए छह स्थानों पर पार्किंग निर्धारित की गई है। लखीमपुर मार्ग, मोहम्मदी मार्ग, खुटार मार्ग और अलीगंज मार्ग से आने वालों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। 14 फरवरी की शाम से 16 फरवरी की दोपहर तक मोहम्मदी मार्ग बाइपास चौराहे से रोडवेज बसों का संचालन किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन मिल सके।