गोला गोकर्णनाथ। छोटी काशी में सावन की तैयारियां शुरू हो गईं हैं। सावन माहभर यहां मेला लगता है। भगवान भोलेनाथ के दर्शनार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए पौराणिक शिवमंदिर परिक्षेत्र के नीलकंठ मैदान में छोटी काशी पुलिस चौकी स्थापित की गई है। चौकी का उद्घाटन एसपी गणेश प्रसाद साहा ने किया।
गोला धार्मिक नगरी छोटी काशी के नाम से विख्यात है। पौराणिक शिव मंदिर वह अन्य प्राचीन मंदिरों के दर्शन के लिए वर्ष भर दर्शनार्थी आते हैं। सावन, चैती और भूतनाथ मेला शहर की सांस्कृतिक पहचान हैं। सावन में यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर काफी समय से पुलिस चौकी की मांग चल रही थी।
शासन ने पौराणिक शिव मंदिर परिक्षेत्र के नीलकंठ मैदान में छोटी काशी पुलिस चौकी की स्थापना कराई गई है। पुलिस चौकी का उद्घाटन एसपी गणेश प्रसाद साहा और नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने किया। इस मौके पर एसपी ने कहा सुरक्षा की दृष्टि से चौकी पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। यहां 24 घंटे पुलिस मौजूद रहेगी। आवश्यकतानुसार महिला पुलिस आरक्षी और होमगार्डों की तैनाती की जाएगी। शीघ्र ही चौकी प्रभारी नियुक्त किए जाएगा।
सावन मेले के दौरान सहयोग करने वाले वॉलिंटियर, एनसीसी कैडेट और पूर्व सैनिकों को एसपी ने प्रशस्ति पत्र दिए। इस मौके पर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू, सीओ अजेंद्र यादव, सत्यप्रकाश अग्रवाल, अध्यक्ष भाजपा नगर अध्यक्ष शत्रोहन मिश्र, रविन्द्र कटियार, गौरवज्ञान त्रिपाठी, लवकुश अवस्थी और विमलेश वर्मा आदि मौजूद रहे।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए शिव मंदिर मार्ग में लगाई बैरिकेडिंग
गोला गोकर्णनाथ। सावन मेले में पौराणिक शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। भीड़ को संभालने के लिए शिव मंदिर के मुख्य मार्ग में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग लोहे की बैरिकेडिंग लगाई जा रही है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अंबेडकर तिराहा और शिव मंदिर के मुख्य मार्ग में मूनलाइट स्टूडियो मोड़ को लोहे के बैरिकेडिंग से बंद किया गया है। एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। सुरक्षा के सभी पॉइंट पूर्ववत हैं। संवाद
सावन के प्रत्येक सोमवार को बंद रहेंगे गोला के विद्यालय
गोला गोकर्णनाथ। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सावन के प्रत्येक सोमवार को नगर क्षेत्र गोला के सभी परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त कक्षा एक से आठ तक के विद्यालयों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार तिवारी ने जारी आदेश में कहा है कि गोला में सावन के प्रत्येक सोमवार को काफी भीड़ रहती है। सावन के प्रत्येक सोमवार 22, 29 जुलाई, 8 अगस्त और 12 अगस्त को नगर क्षेत्र गोला के सभी परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त कक्षा आठ तक के विद्यालय बंद रहेंगे। संवाद