मोहम्मदी। गांव सिसयर निवासी 20 वर्षीय अंजलि सिंह पत्नी मोहित सिंह की बाइक से गिरकर मौत हो गई। मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार, सिसयर निवासी मोहित सिंह अपनी पत्नी अंजलि सिंह को बाइक से लेकर उनके मायके गांव खैराना जा रहे थे। रास्ते में रामपुर मिश्र के पास अचानक अंजलि बाइक से गिर गईं। उन्हें 108 एंबुलेंस से सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मायके पक्ष ने दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया। सीएचसी में काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच विवाद चलता रहा। पुलिस ने कहा कि पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों ने पहले शव सील करने से मना कर दिया और कहा कि जब तक हत्या की रिपोर्ट दर्ज नहीं होगी, तब तक पोस्टमाॅर्टम नहीं कराया जाएगा। बाद में पुलिस के समझाने पर पोस्टमार्टम कराया गया।
बताया कि अंजलि की शादी दो जून, 2025 को हुई थी। इंस्पेक्टर उमेश चंद्र चौरसिया ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा है। मौत का कारण स्पष्ट हुए बिना हत्या का मुकदमा दर्ज नहीं किया जा सकता।
सीओ अभिमन्यु त्रिपाठी ने बताया कि महिला गर्भवती थी और पति मोहित के साथ मायके जा रही थी। रास्ते में दर्द होने पर बाइक रोकी गई, तभी वह गिर गईं और सिर में चोट लग गई। उन्होंने बताया कि मायके पक्ष संतुष्ट नहीं था, इसलिए मौत का सही कारण जानने के लिए पोस्टमाॅर्टम कराया गया। साथ ही कहा कि मायके पक्ष की ओर से तहरीर देने की जानकारी नहीं मिली है।