लखीमपुर खीरी। स्थानीय लालपुर स्टेडियम में दो दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज मंगलवार को मशाल दौड़ के साथ हुआ। पहले दिन 15 ब्लाॅक की 119 टीमों के करीब 1500 खिलाड़ियों ने खेल मैदान पर अपना पसीना बहाया। प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, फुटबॉल, ऊंची कूद, दौड़, खो-खो, कबड्डी सहित अनेक खेल शामिल हैं। खेलकूद प्रतियोगिता का समापन 24 दिसंबर को होगा।
प्राथमिक स्तर की बालिकाओं की 400 मीटर दौड़ के साथ खेल प्रतियोगिताओं का आगाज हुआ, इसमें पलिया की प्रीति ने परचम लहराया। मंगलवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुरू हुई दो दिवसीय परिषदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि जॉइन्ट मजिस्ट्रेट मनीषा धारवे ने बच्चों से पूरी निष्ठा व ईमानदारी के साथ खेलने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेलों से न सिर्फ सेहत दुरुस्त रहती है बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ता है। बीएसए प्रवीण तिवारी ने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ अनुशासन और टीम वर्क भी सिखाते हैं। मुख्य अतिथि ने दौड़ में विजेता बच्चों को मेडल पहनाकर पुरस्कृत किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में रिसोर्स सेंटर के बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुति दी। राजापुर मंडी के बच्चों ने जंक फूड वर्सेज हेल्दी फूड डिबेट के जरिए खूब वाहवाही बटोरी। लखीमपुर देहात और गनेशपुर समेत तमाम विद्यालयों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मनमोह लिया।
पहले दिन के इन ब्लाॅक के खिलाड़ी रहे विजेता
प्राथमिक स्तर पर कबड्डी बालक वर्ग में बेहजम प्रथम, निघासन द्वितीय रहा। वहीं प्राथमिक स्तर 400 मीटर दौड़ बालक में नकहा से शिवमोहन प्रथम, निघासन से अरमान द्वितीय, मितौली से कृष्णा ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्राथमिक स्तर 400 मीटर बालिका में पलिया से प्रीति प्रथम, रमियाबेहड़ से आलिया द्वितीय, मोहम्मदी से जोया तृतीय स्थान पर रहीं। जूनियर 400 मीटर बालिका में कुंभी से तान्या प्रथम, नकहा से अफसाना द्वितीय, मितौली से अंजली राज ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं वॉलीबाॅल बालिका वर्ग में लखीमपुर विजेता, पलिया उपविजेता रही।
कबड्डी में प्वांइट को लेकर भिड़े शिक्षक
एक ओर सांस्कृतिक कार्यक्रम हो रहे थे वहीं दूसरी ओर पलिया और बेहजम के खिलाड़ियों के बीच कबड्डी हो रही थी। दोनों टीमों के खिलाड़ी जोश के साथ खेल रहे थे। इसी दौरान एक टीम के खिलाड़ी को दूसरी टीम ने पछाड़ कर प्वाइंट बढ़ाया तो शिक्षक और कोच के बीच तीखी बहस हो गई। हालांकि मौजूद शिक्षकों ने किसी तरह मामले को निपटाया और दोबारा खेल शुरू हो सके।
लालपुर स्टेडियम में बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में कबड्डी खेलते बच्चे। संवाद
लालपुर स्टेडियम में बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में कबड्डी खेलते बच्चे। संवाद