लखीमपुर खीरी। जनपद में गुरुवार को चली तेज हवाओं के बाद लड़खड़ाई बिजली सप्लाई दूसरे दिन भी कई जगहों पर सही नहीं हो सकी। शहर में कई ट्रांसफार्मरों के ओवरलोड होने से ट्रिपिंग की समस्या बढ़ गई। इससे अघोषित कटौती बढ़ गई है। वहीं गोला, मैलानी, पसगवां, उचौलिया आदि क्षेत्रों में शुक्रवार को भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई, इससे लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा।
गोला में बिजली संकट से लोगों का बुरा हाल
गोला गोकर्णनाथ। नगर और ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता दो दिन से बिजली की अघोषित कटौती एवं आपूर्ति बाधित होने से परेशान हैं। वहीं अधिकारियों ने ग्रिड से ट्रांसमिशन कोडिंग शेड्यूल निर्धारित न होने से विद्युत बाधित होना इसकी वजह बताया है।
शासन की ओर से विद्युत कारपोरेशन को शहरी क्षेत्र में 21 घंटे और ग्रामीण क्षेत्र में 18 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति देने के निर्देश हैं लेकिन अघोषित कटौती से लोग परेशान हैं। आलम यह है कि करीब एक सप्ताह से लोगों को नगर और क्षेत्र में दो घंटे भी निर्बाध विद्युत आपूर्ति नहीं मिल पा रही। ऐसे में लोगों को भीषण गर्मी में परेशानी उठानी पड़ रही है।
एसडीओ विनीत कुमार वर्मा ने बताया कि तेज हवा चलने के कारण दुर्घटना की आशंका से कुछ फीडरों पर आंशिक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। वहीं शाहजहांपुर ग्रिड से ट्रांसमिशन कोडिंग की टाइमिंग भी निर्धारित नहीं है, जिससे यह समस्या पैदा हुई है।
पसगवां और जंगबहादुरगंज में 36 घंटे से बिजली नहीं
जंगबहादुरगंज। उमस भरे मौसम में बारिश और हवा के चलते गुरुवार को गायब हुई बिजली 36 घंटे बाद भी चालू नहीं हो सकी। जंगबहादुरगंज उपकेंद्र से जुड़े लोग गर्मी की तपिश के साथ ही पानी के लिए तरसते दिखे।
जंगबहादुरगंज के उपकेंद्र को शाहजहांपुर जिले के अटसलिया उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति की जाती है। ऐसे में जब भी मौसम बिगड़ता है तो हाईटेंशन मेन लाइन भी खराब हो जाती है। यहां तैनात जेई आरके चौधरी के पास यहां के अतिरिक्त अन्य जिम्मेदारी भी है। ऐसे में गैर जनपद तक पेट्रोलिंग करके बिजली सप्लाई शुरू कराने में कई दिन लग जाते हैं। आए दिन होने वाली इस समस्या का स्थायी समाधान करने में बिजली विभाग अब तक फेल रहा है। अवर अभियंता से संपर्क करने पर उनका मोबाइल बंद मिलता है या फिर काल ही रिसीव नहीं होती है। ऐसे में उपभोक्ता खुद को ठगा सा महसूस करते हैं। उधर, विभागीय अधिकारी मोहम्मदी-जंगबहादुरगंज नई हाईटेंशन बिजली लाइन के लिए संबंधित ठेकेदार को जिम्मेदार ठहरा देते हैं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं करते हैं। एसडीओ मोहम्मदी जगदीश कुमार ने जुलाई के अंत तक नई हाईटेंशन बिजली लाइन को चालू कराए जाने का आश्वासन भी दिया था, लेकिन यह संभव न हो सका है। एसडीओ मोहम्मदी जगदीश कुमार का कहना है कि ठेकेदार की लापरवाही व कई गांवों में लाइन बिछाने में आई दिक्कत के कारण विलंब हो रहा है । बहुत जल्द नई लाइन से जंगबहादुरगंज उपकेंद्र को बिजली मिलने लगेगी ।
गुरुवार सुबह से ठप है उचौलिया की बिजली सप्लाई
उचौलिया। गुरुवार सुबह सात बजे से ठप उचौलिया क्षेत्र की बिजली सप्लाई शुक्रवार शाम तक बहाल नहीं हो सकी। भीषण गर्मी में दो दिनों से बिजली सप्लाई ठप होने से उपभोक्ताओं का बुरा हाल है। बिजली कर्मियों के मुताबिक गुरुवार को शाहजहांपुर से आई 33 केवीए लाइन में अटसलिया और पैना शाहजहांपुर के बीच फाल्ट होने से बिजली सप्लाई ठप रही। अटसलिया शाहजहांपुर उपकेंद्र के बिजलीकर्मी शुक्रवार दोपहर बाद यह फाल्ट सही कर सके। मगर जेबीगंज बिजली उपकेंद्र के कर्मचारी इस दौरान हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे, जिससे अटसलिया से जेबीगंज के बीच 33 केवीए लाइन की पेट्रोलिंग नहीं की गई। 36 घंटे से लगातार बिजली सप्लाई ठप रहने से भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं को बेहद परेशनी हो रही है।
दूसरे दिन भी धौरहरा में रहा ब्लैक आउट
धौरहरा। बिजली टीम पर हमला करने से नाराज कर्मचारियों ने दूसरे दिन भी ईसानगर, धौरहरा देहात, परौरी फीडर सहित क्षेत्र में सुबह से बिजली आपूर्ति ठप रखी। जेई सहित तमाम कर्मचारी कोतवाली पहुंचे। हमलावरों पर धमकाने का आरोप लगाते हुए एक ज्ञापन सौंपा। साथ ही उनकी गिरफ्तारी की मांग की।
बृहस्पतिवार शाम नयापुरवा में बिजली चोरी पकड़ने गई टीम पर तीन लोगों ने हमला कर दिया था। हमले में नोडल अधिकारी संदीप वर्मा समेत पांच कर्मचारी घायल हो गए थे। पुलिस ने अनुराग दीक्षित सहित तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। गुस्साए बिजली कर्मचारी हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए थे। सीओ अभिषेक प्रताप के आश्वासन पर कस्बे और कुछ क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई, लेकिन सुबह होते ही बिजली सप्लाई फिर बंद कर दी गई। दोपहर में काफी संख्या में विद्युत कर्मचारी और जेई कोतवाली पहुंचे। फरार आरोपी शिवम पर सोशल मीडिया पर जेई सहित और विद्युत कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया और प्रभारी निरीक्षक डीपी तिवारी को ज्ञापन सौंपा। प्रभारी निरीक्षक डीपी तिवारी ने जेई जयकुमार सहित सभी कर्मचारियों से बात की और आरोपी अनुराग और अनुपम की गिरफ्तारी की बात बताई। तीसरे आरोपी शिवम को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद क र्मचारी लौट गए, लेकिन पूरे क्षेत्र में शाम तक सप्लाई चालू नहीं की गई। जेई जय कुमार ने बताया कि पूरे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल है, लेकिन तेज हवाओं के चलते पेड़ गिरने से आपूर्ति बाधित है, जो ठीक की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान भेजा जा रहा है। तीसरे की तलाश की जा रही है।