सब्जी की दुकान भी जद में आई
ट्रांसफॉर्मर के समीप में ही एक सब्जी की दुकान है। बताते हैं कि आग की लपटों ने सब्जी की दुकान पर पड़े छप्पर को आगोश में ले लिया। धीरे-धीरे आग ने दुकान में रखे बारदाने को भी अपनी चपेट में ले लिया। लोगों का कहना था कि ईद की वजह से करीब तीन दिन से दुकान बंद है, वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
बिजुआ क्षेत्र में बिजली संकट
बिजुआ क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की गंभीर स्थिति ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। 40 डिग्री से अधिक तापमान में बिजली की अनियमित आपूर्ति से लोगों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे के निर्धारित रोस्टर के विपरीत केवल 8-10 घंटे ही बिजली मिल रही है।
लो-वोल्टेज की समस्या से कूलर और पंखे ढंग से काम नहीं कर पा रहे हैं। बार-बार बिजली की आवाजाही से घरेलू उपकरण खराब हो रहे हैं। लोकल फॉल्ट और ट्रिपिंग की समस्या से रोस्टर का समय और कम हो जाता है। अघोषित कटौती से लोगों की नींद प्रभावित हो रही है। कस्बे से लेकर गांव तक यह समस्या व्याप्त है।
इस संबंध में जेई रविशंकर ने बताया कि निर्बाध बिजली आपूर्ति के भरसक प्रयास किए जा रहे हैं। मेन लाइन और लोकल लाइन के फॉल्ट को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जा रहा है। लो वोल्टेज की समस्या पीछे से है ।
पलिया : तीन घंटे बिजली कटौती होने से हुई परेशानी
पलिया विद्युत निगम द्वारा रोजाना रोस्टरिंग के नाम पर कटौती की जा रही है। इससे भीषण गर्मी में लोगों को परेशानी हो रही है। सोमवार अपराह्न ढाई बजे विद्युत निगम द्वारा रोस्टरिंग के नाम पर डेढ़ घंटे के लिए विद्युत आपूर्ति काट दी गई। हालांकि डेढ़ घंटे के बाद भी बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी। शाम करीब साढ़े पांच बजे तीन घंटे बाद लोगों को बिजली आपूर्ति मिल सकी। लोगों का आरोप है कि एक्सईएन, एसडीओ व जेई सबसे शिकायत की जाती है, लेकिन कोई भी स्पष्ट जवाब नहीं देते।
इछना फीडर से जुड़ी आपूर्ति लगातार बाधित
मैगलगंज में औरंगाबाद से संचालित इछना फीडर की आपूर्ति पिछले कई दिन से बाधित है। इससे न सिर्फ ग्रामीण इलाकों में अंधेरा है, बल्कि नलकूप भी ठप पड़े हैं। किसान जहां खेतों की सिंचाई नहीं कर पा रहे, वहीं गर्मी से राहत पाने के लिए लोग पेड़ों की छांव में शरण लेते नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अफसरों ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। इस बाबत औरंगाबाद के जेई उमेश कुमार ने बताया कि लोकल फॉल्ट ज्यादा रहते हैं। दिन में रोस्टरिंग की समस्या के चलते कभी-कभी बिजली आपूर्ति बाधित होती है। बाकी बिजली सभी फीडरों पर चालू है।
संपूर्णानगर : फॉल्ट से बाधित रही बिजली आपूर्ति
संपूर्णानगर में विद्युत निगम क्षेत्र के कस्बे में दुर्गा मंदिर के सामने लगे ट्रांसफार्मर में सोमवार की शाम भी ट्रांसफार्मर में अचानक चिंगारी उठी, जिससे बिजली गुल हो गई। बीती रात भी फाॅल्ट होने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई। उपभोक्ताओं ने इसकी शिकायत व्हाट्सएप ग्रुप पर की। भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति नहीं होने से उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि निगम ध्यान नहीं दे रहा है।