गोला गोकर्णनाथ। खुटार रोड पर विकास चौराहे के निकट तेज आवाज के साथ ट्रांसफॉर्मर फटने से उसमें से निकले गरम तेल से दो लोग झुलस गए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया है, एक की हालत गंभीर बताई गई है।
विकास चौराहे के निकट मोहल्ला ईदगाह में पलिया बस अड्डा पास रखा ट्रांसफॉर्मर दोपहर बाद 3.30 बजे तेज आवाज के साथ अचानक फट गया, जिससे ट्रांसफॉर्मर के पास बाइक पर बैठे फोन से बात कर रहे 27 वर्षीय प्रवेश तिवारी निवासी मोहल्ला कुम्हारन टोला और पड़ोस से निकल रहे 45 वर्षीय अवधेश निवासी हरदुआ थाना खुटार, जिला शाहजहांपुर के ऊपर गरम तेल गिरने से दोनों झुलस गए। घटना से सड़क पर भगदड़ मच गई। पड़ोस के लोगों ने पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों को सूचना दी, तब लाइन काटी गई। आस पास के दुकानदारों ने दोनों झुलसे लोगों को सीएचसी भेजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जिसमें प्रवेश तिवारी की हालत चिंताजनक बताई गई है।
जेई को मौके पर भेज के निरीक्षण कराया है। 100 केवी का छोटा ट्रांसफॉर्मर रखा था। तकनीकी खराबी से बॉडी नीचे से ब्लास्ट कर गई, जिससे तेल फैल गया है। उसके कुछ छींटे राहगीरों पर पड़ गए हैं।
विनीत कुमार वर्मा
एसडीओ विद्युत वितरण उपखंड गोला।