तालाब की खोदाई करतीं डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और सीडीओ अभिषक कुमार। स्रोत सूचना
लखीमपुर खीरी। जल संरक्षण को लेकर शुक्रवार को हर गांव तालाब अभियान शुरू हो गया। जनपद के 1164 ग्राम पंचायतों में तालाबों का निर्माण/जीर्णोद्धार कराया जाना है। इसी क्रम में शुक्रवार को एक हजार तालाबों पर कार्य शुरू किया गया। तहसील सदर के ग्राम अमानलाला में पारंपरिक विधि-विधान और वैदिक मंत्रों के बाद डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और सीडीओ अभिषेक कुमार ने खुद फावड़े से तालाब की खोदाई कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
डीएम ने कहा कि पानी बचाने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी अब गांव खुद उठा रहे हैं। यह सिर्फ तालाब नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सौंपा गया अमूल्य उपहार हैं। यह सिर्फ खोदाई नहीं, बल्कि जल प्रबंधन की सोच का प्रतिबिंब है।
सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि हर गांव में एक तालाब, मतलब हर गांव में एक जलसंरक्षण केंद्र। जब गांव खुद अपना जल सहेजेंगे तो जल संकट सिर्फ शब्द बनकर रह जाएगा।
प्रधानमंत्री की कैच द रेन पहल को जमीन पर उतारते हुए यह एक बेमिसाल शुरुआत है। हर तालाब को तकनीकी दृष्टि से मजबूत बनाने के लिए इनलेट, आउटलेट की व्यवस्था की जा रही है, जिससे वर्षा जल को रोककर उसे लंबे समय तक संरक्षित किया जा सके। 15 जून तक सभी तालाबों का निर्माण पूर्ण होना है। अंत में डीएम और सीडीओ ने श्रमिकों, ग्रामीणों और बच्चों को मिठाई और बिस्कुट बांटे।