तीन ब्लॉकों में दो प्रधान और दो बीडीसी के लिए डाले जाएंगे वोट
शुक्रवार की शाम को 12 पोलिंग पार्टियां हुई रवाना
त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव में प्रधान और बीडीसी के रिक्त दो-दो पदों पर चुनाव के लिए एक जुलाई को सुबह सात से शाम पांच बजे तक मतदान कराया जाएगा। फूलबेहड़, नकहा और बांकेगंज ब्लॉकों में 12 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जिनके लिए पोलिंग पार्टियां शुक्रवार की शाम को ब्लॉक मुख्यालयों से रवाना की गई। चार पोलिंग पार्टियां रिजर्व में रखी गई हैं। निगरानी और अनुश्रवण के लिए चार सेक्टर और तीन जोनल मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई हैं। नकहा के बेडनापुर वार्ड और बांकेगंज के ग्रंट नंबर दो के वार्ड 16 पर बीडीसी का चुनाव होना है।
महेवागंज। फूलबेहड़ ब्लॉक के बसहा माफी और सैदीपुर ग्राम पंचायत की रिक्त सीटों पर दो-दो उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव कराने के लिए चुनाव सामग्री के साथ पोलिंग पार्टियों को बूथों के लिए रवाना किया गया। बसहा माफी में 3100 तो सैदीपुर में करीब 900 मतदाता अपने गांव का मुखिया चुनेंगे। बीडीओ विपिन चौधरी ने बताया कि बसहामाफी में पांच और सैदीपुर के प्राथमिक विद्यालय में एक बूथ बनाया गया है। जबकि बम्हनपुर कोरारा की सीट पर एकल नामांकन होने से वहां निर्विरोध चयन तय है। तहसीलदार (न्यायिक) रमेश बाबू को सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया है।