मोहम्मदी मंडी स्थल पर एसडीएम को ज्ञापन सौंपते सपा कार्यकर्ता। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
मोहम्मदी। सपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को नवीन मंडी स्थल पर धान खरीद न होने पर धरना शुरू कर दिया। एसडीएम स्वाति शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर किसानों की दिक्कत का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद शाम को धरना समाप्त कर दिया गया।
ज्ञापन में किसानों की यह समस्या बताई गई कि धान की खरीद केवल 800 से 1200 रुपये प्रति क्विंटल की हिसाब से हो रही है। जबकि सरकारी खरीद केंद्रों पर सन्नाटा है। इससे किसानों को धान के पूरे दाम नहीं मिल पा रहे हैं। सपा कार्यकर्ताओं ने धान खरीद के लिए तत्काल टोकन व्यवस्था लागू कराए जाने, सभी केंद्रों को तत्काल शुरू कराने, कुछ केंद्रों पर गुपचुप हो रही फर्जी खरीद पर लगाम लगाए जाने, गन्ना किसानों का बकाया मूल्य जल्द दिलाने, चीनी मिल 31 अक्तूबर तक चालू कराने सहित कई और मांगें भी उठाईं। धरनास्थल पर सपा विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप यादव एवं क्रांति कुमार सिंह ने डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। इस मौके पर रामसागर यादव, राजेश यादव, आरिफ गाजी, प्रदीप कुमार, इकरार अहमद सहित कई लोग मौजूद रहे। इधर, राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने एसडीएम को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इसमें मंडी में धान केंद्र संचालित करने, गन्ने का बकाया भुगतान 18 अक्तूबर तक दिलाने मांग खास रही। ज्ञापन पर गुरु पेज सिंह, दलजीत सिंह, सुखदेव सिंह, प्रगट सिंह आदि के दस्तखत हैं। संवाद