पलियाकलां। नागरिकता संशोधन कानून का विरोध करते हुए और इसको वापस लिए जाने की मांग को लेकर सपा अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के नेतृत्व में सपाई और भाकपा माले के कार्यकर्ता तहसील पहुंचे। जहां उन्होंने नारेबाजी के साथ प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम व तहसीलदार को सौंपा। धारा 144 के लागू होने के कारण सीओ राकेश कुमार नायक और इंस्पेक्टर विद्याशंकर शुक्ला पुलिस फोर्स के साथ तहसील में तैनात रहे।
बृहस्पतिवार को सपा अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष रेहान खान के नेतृत्व में सपाई तथा भाकपा माले के कार्यकर्ताओं ने तहसील पहुंचकर नारेबाजी की और नागरिकता संशोधन कानून का विरोध करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम पूजा यादव और तहसीलदार आशीष कुमार सिंह को सौंपा। जिसमें नागरिकता संशोधन कानून को तत्काल प्रभाव से वापस लिए जाने और जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों की सुरक्षा किए जाने की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में भाकपा के सचिव कमलेश राय, पालिका सदस्य नजर अहमद, साबिर, इरशाद, सतीश गुप्ता, फुरकान अली सहित काफी संख्या में सपा और भाकपा माले के कार्यकर्ता मौजूद रहे।