मैलानी। ब्रिज ऑफ होप (बीओएच) में हुए क्रिसमस समारोह में फादर आनंद ने कहा कि प्रभु यीशु ने धरती पर जन्म लेकर समाज में प्रेम और मानवता का संदेश दिया। समारोह में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए।
बता दें कि बीओएच संस्था गरीब बच्चों को निशुल्क ट्यूशन पढ़ाने के साथ ही उन्हें शिक्षण सामग्री और रोजमर्रा उपयोग की दैनिक चीजें भी निशुल्क देती है। बिलीवर्स ईस्टर्न चर्च के फादर आनंद कुमार ने प्रेयर से कार्यक्रम की शुरुआत और मुख्य अतिथि जुल्फिकार हुसेन के साथ केक काट यीशु का जन्मदिन मनाया। इसके बाद फादर आनंद ने कहा कि प्रभु यीशु दुनिया में भलाई के लिए जन्मे और उन्होंने लोगों को आपस में प्रेम, मानवता, गरीबों असहायों की सेवा का संदेश दिया। प्रेम और ईश्वर के वचनों पर चलकर ही हम ईश्वर तक पहुंच सकते हैं। यीशु के बताए रास्ते पर चलकर समाज का उत्थान संभव है।
बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। जीवन की खोज में निकला रे, यीशु जिंदा है, बेइंतिहा प्यार है गीत पर ग्रुप डांस पेश कर बच्चों ने सबका मन मोह लिया। तनु, दीप्ती, मनीषा, शिवानी, रिमझिम, नंदिनी, शुब्रा, अजमल खान ने पाप की कुर्सी नाटक का मंचन किया। नेहा कुमारी ने गुनाहों को देने सहारा गीत गाकर सबको आकर्षित किया।
कार्यक्रम में पास्टर आनंद मसीह, संस्था के सोशल वर्कर संदीप लायल संजू, टीचर शीला देवी, वर्षिका लायल, उजमा खातून, मंजू देवी, रानी श्रीवास्तव के अलावा अभिभावक मौजूद रहे।