गुड मॉर्निंग कार्यक्रम के तहत अयोध्यापुर में भूमि विवाद निपटाते प्रभारी निरीक्षक हैदराबाद शिवा
लखीमपुर खीरी। थाना हैदराबाद क्षेत्र में दो पक्षों में बंटवारे का विवाद चल रहा था। 20 साल से चल रहे विवाद की जानकारी होने पर हैदराबाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस के प्रयासों से मामला कुछ ही घंटों में निपट गया। पुराने मामले में दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने पर समझौता कराया गया।
एसपी गणेश प्रसाद साहा के निर्देश पर पुलिस जिले में गुड मॉर्निंग अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक थाना हैदराबाद शिवाजी दुबे मंगलवार की सुबह करीब छह बजे ग्राम अयोध्यापुर पहुंचे। जहां पर दो पक्षों के बीच बंटवारे को लेकर विवाद की बात सामने आई। बताया जा रहा है कि गांव के रघुनंदन व राजकुमार के बीच बंटवारे को लेकर 20 साल से विवाद चल रहा था।
एसओ हैदराबाद ने गुड मॉर्निंग टीम के साथ दोनों पक्षों को आमने सामने बैठाकर आपसी सहमति से उक्त विवाद को समाप्त कराया गया, दोनों के बीच वार्ता होने पर दोनों पक्ष सहमत हो गए। पुलिस के प्रयास से 20 साल पुराना विवाद समाप्त होने की चर्चा पूरे गांव में हो रही है।