महिला को फोन सौंपतीं एसपी डॉ. ख्याति गर्ग
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
लखीमपुर खीरी जिले में अलग-अलग स्थानों से गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सर्विलांस सेल और साइबर थाने की संयुक्त टीम ने करीब 32 लाख रुपये कीमत के 151 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए।
एसपी ने बताया कि गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसको लेकर एएसपी पश्चिमी और सीओ अपराध के निर्देशन में सर्विलांस सेल व साइबर थाने की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने आधुनिक तकनीक और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से विभिन्न तिथियों में गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रेस करने का काम शुरू किया।
पुलिस के मुताबिक, जिले के विभिन्न थानों, शिकायत प्रकोष्ठ खीरी और भारत सरकार के दूरसंचार विभाग के सीईआईआर पोर्टल पर मोबाइल गुम होने की शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। इन शिकायतों के आधार पर टीम ने मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबरों को ट्रेस किया और उनकी लोकेशन का पता लगाया।
लगातार तकनीकी निगरानी और प्रयासों के बाद टीम ने लखीमपुर खीरी के अलावा सीमावर्ती जनपद सीतापुर, बहराइच और आस-पास के क्षेत्रों से कुल 151 मोबाइल फोन बरामद किए। इन सभी मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 32 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल गुम होने की शिकायत करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली है।