लखीमपुर। ऐतिहासिक दशहरा मेले में बृहस्पतिवार रात संगीत सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान तमाम प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर अपना हुनर दिखाया। कलाकारों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और करतल ध्वनि से पूरा परिसर गूंजता रहा।
संगीत की सुरमयी शाम सामाजिक एवं रचनात्मक योगदान देने वाली विभूतियों के सम्मान के नाम भी रही। भाजपा जिला कार्यालय प्रभारी अभिजात मिश्रा, डॉ. हरिओम बाजपेई, कलमकार अनिल कुमार श्रीवास्तव एवं शिखर पुरी को अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट कार्यों के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
वहीं पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन की दिशा में निरंतर प्रेरणादायी प्रयास कर रहे नगर के प्रतिष्ठित पर्यावरण मित्र समूह को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सम्मानित पर्यावरण मित्रों में विशाल सेठ, राममोहन गुप्त अमर, मयूरी नागर, संजय गुप्ता, सपना कक्कड़, रश्मि महेंद्र, सुमन श्रीवास्तव एवं मधुलिका त्रिपाठी शामिल रहे।
सम्मान समारोह के उपरांत जिला पंचायत सदस्य इंजीनियर दुर्गेश वर्मा के संयोजन में आयोजित संगीत सम्मेलन ने अपनी पूरी रंगत बिखेरी। तरन्नुम मलिक जैन तथा यासूब अली एंड पार्टी, मुंबई के कलाकारों ने अपनी मनमोहक और सम्मोहक प्रस्तुतियों से संगीत प्रेमियों का दिल जीत लिया।
इस अवसर पर मेला अध्यक्ष रवींद्र रावत, मेलाधिकारी समरा सईद, हरि प्रकाश त्रिपाठी, बजरंग शर्मा, श्वेता शर्मा, चंद्र प्रकाश धुरिया, राकेश कुमार सहित उपस्थित रहे। संवाद