लखीमपुर खीरी / तिकुनियां। उत्तर खीरी निघासन वन क्षेत्र में वनकर्मियों की मदद से हरियाली के दुश्मनों का आरा हरेभरे पेड़ों पर खूब चल रहा है। शनिवार की रात ऐसे ही एक ट्रक को सीओ निघासन ने सूचना पर चालक समेत पकड़कर तिकुनियां पुलिस को सौंप दिया, जबकि एक ट्रक निकल जाने में सफल रहा।
भारत-नेपाल सीमा के गांव दीपनगर, कड़िया, बनवीरपुर, बेलापरसुआ और डांगा क्षेत्र में इन दिनों लकड़ी माफिया हावी हैं। किसानों के खेतों में लगे सागौन, शीशम, सेमल, जामुन आदि हरे भरे वृक्षों का कटान तेजी से हो रहा है। इस पूरे खेल में कुछ वनकर्मी भी शामिल हैं। वनविभाग के सूत्रों के मुताबिक ठेकेदार दो-तीन पेड़ों का परमिट लेते हैं। बीट के वनरक्षकों के संरक्षण में कई पेड़ काटते हैं। परमिट से अधिक काटे गए पेड़ों की सुबूत मिटाने के लिए मुढ्ढियां भी खोदकर गायब कर देते हैं। वनकर्मचारी अवैध कमाई के लालच में कोई कार्रवाई नहीं करते। शनिवार की रात बनवीरपुर से दो ट्रक लकड़ी भरकर निकले थे, सीओ निघासन प्रदीप वर्मा ने तिकुनियां-बनवीरपुर मार्ग पर अवैध रूप से शीशम की लकड़ी भरकर जा रहे एक ट्रक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा ट्रक हाथ नहीं लगा। कागज न दिखा पाने पर ट्रक को चालक तोहर निवासी पठान पुरवा सहित तिकुनियां पुलिस को सौंप दिया। 24 घंटे बाद भी लकड़ी स्वामी पुलिस को कोई कागज नहीं दिखा सका।
बनवीरपुर मार्ग से ट्रक को पकड़ा था। लकड़ी स्वामी अब तक कोई कागज नहीं दिखा सका है। ट्रक में सागौन की लकड़ी होने की जानकारी मिली है, जो अवैध रूप से ले जाई जा रही थी। ट्रक को खाली कराकर जांच कराई जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई होगी।
-प्रदीप कुमार वर्मा, सीओ निघासन
परमिट से अधिक पेड़ काटे जाने की जानकारी नहीं है। ग्रामीण क्षेत्र की लकड़ी है। पुलिस ने पकड़ा है। जांच कराई जा रही है, जो दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-दिनेश बड़ोला, वनक्षेत्राधिकारी उत्तर निघासन रेंज बेलरायां
अलीगढ़ ले जाए जा रहे 14 पशु बरामद
धौरहरा (लखीमपुर खीरी)। कोतवाली क्षेत्र के सरसवा से एक डीसीएम में 14 पशुओं को लादकर वध के लिए अलीगढ़ ले जा रहे दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने डीसीएम कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की है
प्रभारी निरीक्षक डीपी तिवारी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर एसआई रामकुमार और कस्बा इंचार्ज अवधेश यादव ने बसंतापुर मार्ग पर मझावा के पास एक डीसीएम रोकी। तलाशी लेने पर डीसीएम में दो भैस और 12 भैसों समेत चौदह पशु ठूंसठूंस कर भरे थे। पुलिस ने जब चालक से पूछा कि वह लोग पशुओं को कहां ले जा रहे हैं तो उसके सभी पशुओं को वध के लिए अलीगढ़ ले जाने की बात स्वीकार की। जिसपर चालक अमित शर्मा और आबिद निवासी रतनगढ़ी हाथरस को गिरफ्तार कर पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दोनों आरोपियों का पुलिस ने चालान कर भेजा है।