थाना फरधान क्षेत्र के गांव देवीपुरवा में बुधवार की सुबह एक महिला सरकारी हैंडपंप के पास लगे बिजली पोल के सपोर्ट तार मेें उतरे करंट की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई है। हादसे के बाद परिवार वाले महिला को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
देवीपुरवा गांव निवासी कमलेश की 35 वर्षीय पत्नी संगीता बुधवार की सुबह सरकारी हैंडपंप पर पानी भरने गई थीं। हैंडपंप के पास लगे बिजली पोल के सपोर्ट तार में करंट आ रहा था, जिसमें महिला का शरीर छू गया। काफी देर तक महिला तार से चिपकी रही, जैैसे ही ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई, तो महिला को छुड़ाया गया, लेकिन तब तक महिला मरणासन्न हो चुुकी थी। घरवाले महिला को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मृतक महिला के परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। घरवालों की मांग पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।