खीरी टाउन में बिना तार का लगा विद्युत खंभा। संवाद
लखीमपुर खीरी। खंभे खड़े हैं, लेकिन विद्युत निगम के स्टोर में वन फेज तार तक उपलब्ध नहीं है। ऐसे में नए बिजली कनेक्शन के इंतजार में बैठे 120 उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। आवेदन और जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद भी लोगों को कनेक्शन नहीं मिल पा रहा है।
विभागीय व्यवस्था की इस बदहाली के चलते कहीं खंभे शोपीस बनकर खड़े हैं तो कहीं उपभोक्ता बिजली के तार के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। हालांकि, उम्मीद जताई जा रही है कि इस सप्ताह तक लखनऊ से तार पहुंच जाएगा।
सप्लाई अफोर्डिंग चार्ज योजना के तहत 300 मीटर तक नए विद्युत कनेक्शन व लोड बढ़ाने के लिए निगम की ओर से निशुल्क केबल व खंभे लगाने की व्यवस्था है। इसमें मीटर सहित कुछ अन्य चार्ज उपभोक्ताओं को देना होता है। पिछले साल शुरू हुई इस योजना के तहत जिले में खूब नए विद्युत कनेक्शन लिए गए।
कनेक्शनों की संख्या बढ़ने पर वन फेज तार पर संकट छा गया। लखीमपुर विद्युत निगम के स्टोर में कई महीनों से वन फेज के तार का संकट बना हुआ है, इससे लोगों के कनेक्शन नहीं हो पा रहे हैं। हालांकि विभागीय अफसरों का दावा है कि स्टोर में फ्री फेज का तार है। वन फेज का भी तार आता है, जो मौजूदा समय में खत्म हो चुका है। विभाग में करीब सात से आठ किलोमीटर वन फेज तार की जरूरत है।