मैगलगंज थाना क्षेत्र के खूंटीखुर्द गांव निवासी श्रीकेशन के खेत में लगे ट्यूबवेल के बोरवेल की सफाई के लिए देर शाम 28 वर्षीय प्रवीण पुत्र श्रीकृष्ण और 26 वर्षीय रजनीश पुत्र मोहन घुसे थे। जहरीली गैस से इनके बेहोश हो जाने पर उन्हें बचाने के लिये उसी गांव के पवन, अर्पित और भानु प्रताप भी बोरवेल में उतर गए। जल्दी ही जहरीली गैस के प्रभाव से यह तीनों भी बेहोश हो गए।
किसी तरह सूचना लगी तो ग्राम प्रधान विकास अवस्थी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। स्थानीय लोगों ने मैगलगंज पुलिस की मदद से उन्हें बाहर निकला और बेहोशी की हालत में 108 नंबर एंबुलेंस से मितौली सीएचसी भेजा, जहां इलाज के दौरान प्रवीण और रजनीश की मौत हो गई। जबकि पवन और अर्पित को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं भानु प्रताप का इलाज सीएचसी मितौली में जारी है।