लखीमपुर/ओयल। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर अब बच्चों की सेहत पर दिखने लगा है। जिला अस्पताल में निमोनिया और बुखार से पीड़ित बच्चों की संख्या बढ़ रही है। अस्पताल में फिलहाल 19 बच्चे भर्ती हैं, जिनका इलाज डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है।
जिला अस्पताल के चिल्ड्रन वार्ड में रविवार को सुखदीप, गंगोत्री, अनमोल, हैप्पी, अभी वर्मा और आयत निमोनिया से पीड़ित मिले। बुखार से ग्रसित बच्चों में मो. सदी, मास्टर आमिर, पलक, अमित, संगीता, कनिष्क, अयनांश और रजा समेत कई बच्चे भर्ती हैं। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आरपी वर्मा ने बताया कि बदलते मौसम, ठंडी-गर्म हवाओं और लापरवाही के कारण बच्चों में संक्रमण तेजी से फैल रहा है। छोटे बच्चों में निमोनिया का खतरा अधिक रहता है, जिससे सांस लेने में दिक्कत और तेज बुखार की शिकायत सामने आ रही है।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को मौसम के अनुसार कपड़े पहनाने, ठंडी चीजों से परहेज कराने और लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी है।
मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेले में पहुंचे मरीजों में ज्यादातर वायरल से पीड़ित
लखीमपुर खीरी। जिले के अस्पतालों में खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
रविवार को नगरीय और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेले में पहुंचे मरीजों में अधिकांश वायरल बुखार से पीड़ित पाए गए। गौटेय्याबाग नगरीय स्वास्थ्य केंद्र पर करीब 60 मरीज इलाज के लिए पहुंचे, जिनमें अधिकतर को खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायत थी। चिकित्सा प्रभारी डॉ. अशिका गुप्ता ने मरीजों की जांच कर दवा उपलब्ध कराई। नौरंगाबाद और निर्मल नगर स्वास्थ्य केंद्रों पर भी इसी तरह की स्थिति रही, जहां वायरल मरीजों की संख्या अधिक दर्ज की गई। चिकित्सकों ने लोगों को मौसम के अनुसार सावधानी बरतने और लक्षण दिखने पर तुरंत इलाज कराने की सलाह दी है। संवाद