शतरंज प्रतियोगिता में हिस्सा लेते खिलाड़ी। संवाद
लखीमपुर खीरी। जिला शतरंज एसोसिएशन और जिला ओलंपिक एसोसिएशन की ओर से रविवार को दूसरी एचआर ओपन रैपिड शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन नौरंगाबाद स्थित सेलिब्रेशन पैलेस में किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए करीब 150 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। सभी आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता सुबह 10 बजे शुरू हुई और देर शाम तक मुकाबले चलते रहे। शाम तक लखनऊ और लखीमपुर के खिलाड़ियों का दबदबा बना रहा। आयोजक हसीबुल रहमान ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 71 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि रखी गई है। विजेता खिलाड़ियों को कैश प्राइज, ट्रॉफी, मोमेंटो, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में कुल 51 पुरस्कार दिए जाएंगे।
आयोजकों ने शहरवासियों और खेल प्रेमियों से प्रतियोगिता और पुरस्कार वितरण समारोह में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की। इस दौरान जिला ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव मंजीत सिंह, अनुज गुप्ता, शरीफ आरा, कृष्ण मुरारी वर्मा समेत तमाम लोग मौजूद रहे।