लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मोहल्लों से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक पिस्टल, तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। दोनों को सोमवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
इंस्पेक्टर अपराध रविंद्र पांडेय ने बताया कि अवैध असलहा और जुआ से जुड़े मामलों में अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसआई परवेज अहमद टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे, तभी मुखबिर से एलआरपी की ओर से दो युवकों के हथियार के साथ आने की सूचना मिली।
पुलिस ने ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा और तलाशी में एक के पास से पिस्टल, जबकि दूसरे के पास से तमंचा व कारतूस बरामद किए। आरोपियों ने अपने नाम शिवांक मिश्रा निवासी राजाजीपुरम और अभिषेक अवस्थी निवासी काशीनगर बताए।
पूछताछ में शिवांक मिश्रा ने शहर में कई लोगों को पिस्टल बेचने की बात कबूल की है। पुलिस अब असलहा खरीदने वालों की तलाश में जुटी है। सूत्रों के अनुसार, इस मामले में कुछ बड़े व्यापारियों के पुत्रों के नाम भी सामने आ रहे हैं।