धनगढ़ी (नेपाल)। ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच चल रहे तनाव का असर नेपाल में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों पर पड़ रहा है। नेपाल आयल निगम ने तीसरी बार ईंधन के दामों में बढ़ोतरी की है।
नेपाल ऑयल निगम के प्रवक्ता मनोज ठाकुर के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण भारत से नेपाल आने वाले पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में वृद्धि हुई है, जिसके चलते घरेलू बाजार में भी दरें बढ़ाई गई हैं।
इससे पहले 15 मार्च को पेट्रोल में 15 और डीजल व मिट्टी तेल में 10-10 नेपाली रुपए की वृद्धि की गई थी। इसके बाद 26 मार्च को फिर पेट्रोल, डीजल और मिट्टी तेल में 15-15 रुपए की बढ़ोतरी की गई। अब शुक्रवार रात से एक बार फिर पेट्रोल और डीजल व मिट्टी तेल में 15-15 नेपाली रुपये का इजाफा किया गया है। नई दरों के अनुसार धनगढ़ी में पेट्रोल 199 नेपाली (करीब 124.37 भारतीय रुपये) और डीजल व मिट्टी तेल 179.50 नेपाली (करीब 112.18 भारतीय रुपये) प्रति लीटर हो गया है। लगातार बढ़ती कीमतों से आम लोगों पर महंगाई का बोझ बढ़ने लगा है, खासकर सीमावर्ती क्षेत्रों में इसका असर साफ देखा जा रहा है। संवाद