मैलानी। जिलेवासियों को मुंबई (बांद्रा टर्मिनस) जाने के लिए बड़ी सुविधा मिल गई है। रेलवे ने ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन का मार्ग परिवर्तित करते हुए इसे सीतापुर-मैलानी रूट से चलाने का फैसला लिया है। इससे अब जिले के लोग मैलानी स्टेशन से सीधे मुंबई के लिए यात्रा कर सकेंगे।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि कानपुर सेंट्रल-कानपुर अनवरगंज के बीच पुल संख्या-110 पर इंजीनियरिंग कार्य के चलते ब्लॉक दिया गया है। इसके कारण 15 फेरों के लिए चलाई जा रही गोमतीनगर-बांद्रा टर्मिनस-गोमतीनगर विशेष गाड़ी अब परिवर्तित मार्ग से चलेगी।
यह ट्रेन गोमतीनगर से प्रत्येक सोमवार 6 अप्रैल से 13 जुलाई तक (ट्रेन संख्या 05033) और बांद्रा टर्मिनस से प्रत्येक मंगलवार 7 अप्रैल से 14 जुलाई तक (ट्रेन संख्या 05034) संचालित होगी। परिवर्तित मार्ग में ट्रेन डालीगंज, सीतापुर, मैलानी, पीलीभीत, इज्जतनगर, कासगंज और मथुरा जंक्शन होते हुए गंतव्य तक पहुंचेगी।
गोमतीनगर से चलने वाली ट्रेन मैलानी स्टेशन पर शाम 5:42 बजे पहुंचेगी, जबकि वापसी में बांद्रा से आने वाली ट्रेन मैलानी रात 2:40 बजे पहुंचेगी।
-
22 कोच के साथ चलेगी ट्रेन
इस विशेष ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। इनमें एक जनरेटर सह लगेज यान, चार साधारण द्वितीय श्रेणी, छह शयनयान, दो एसी द्वितीय श्रेणी, आठ एसी तृतीय श्रेणी और एक एलएसएलआरडी कोच शामिल होंगे।
लखीमपुर और गोला में नहीं ठहराव
परिवर्तित मार्ग से चलाई जा रही इस ट्रेन का ठहराव जिला मुख्यालय लखीमपुर और गोला गोकर्णनाथ में नहीं दिया गया है। इससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को मायूसी हाथ लगी है, जबकि पड़ोसी जनपद सीतापुर में ट्रेन का ठहराव रखा गया है।