लखीमपुर खीरी। शहर के 26 केंद्रों पर शनिवार और रविवार को प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीईटी) संपन्न होगी। प्रशासन की ओर से परीक्षा संबंधी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
पहली पाली की परीक्षा शनिवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। केंद्रों पर परीक्षार्थियों को केवल प्रवेश पत्र, काला या नीला पेन और फोटो लाने की अनुमति होगी।
प्रत्येक पाली में 10800 परीक्षार्थी शामिल होंगे। दो दिन तक चार पालियों में 43200 परीक्षार्थी शामिल होंगे। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने अधिकारियों के साथ बैठक कर शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, बनाए गए केंद्रों पर देर शाम तक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
डीआईओएस विनोद मिश्रा ने बताया कि परीक्षा को लेकर 26-26 स्टेटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा के दौरान सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। साथ ही यातायात नियंत्रण के अलावा केंद्रों पर विद्युत आपूर्ति, पेयजल और चिकित्सा सुविधा की विशेष व्यवस्था की गई है।
इन चीजों का ले जाना होगा वर्जित
-कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण (जैसे मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच आदि)।
-परीक्षा से संबंधित कोई सामग्री जैसे नोट्स, किताबें या कॉपी।
-कड़ा, माला, अंगूठी आदि पर भी होगी रोक।