डीएम किंजल सिंह के निर्देश पर कृषि विभाग ने बुधवार को कीटनाशक दवाओं की बिक्री करने वाली दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान अलग-अलग तीन टीमों ने कई दुकानों से कीटनाशक दवाओं के 29 नमूने भरे, जिन्हे जांच के लिए लैब भेजा जाएगा।
उप निदेशक कृषि डॉ. शिवकुमार केसरी के नेतृत्व में तीन टीमों ने अलग-अलग तहसील क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाकर कीटनाशकों के नमूने भरे। उप निदेशक कृषि ने सदर और गोला तहसील क्षेत्र में छापेमारी की। जिला कृषि अधिकारी अमर सिंह ने मोहम्मदी और मितौली क्षेत्र में कीटनाशक दुकानों पर छापा मारकर 10 नमूने भरे। इसी तरह कृषि रक्षा अधिकारी श्यामसुंदर ने पलिया और निघासन क्षेत्र में कीटनाशक दुकानों का सघन निरीक्षण किया और भरे लिए। उप निदेशक कृषि डॉ. शिवकुमार केसरी ने बताया कि किसानों को सही और गुणवत्तापरक दवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छापेमारी की गई है और संदिग्ध औषधि मिलने पर नमूने लिए गए हैं।
बांकेगंज। उप निदेशक कृषि के नेतृत्व में बुधवार को कस्बे में कीटनाशक दवाओं की दुकानों पर छापेमारी की गई। टीम में शामिल सदस्यों ने करीब दर्जन दुकानों से कीटनाशक दवाओं के सैंपल लिए। साथ ही दुकानों का बारीकी से मुआयना किया।
कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस आज
लखीमपुर खीरी। प्रत्येक माह के तीसरे बुधवार को होने वाला किसान दिवस बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम किंजल सिंह की अध्यक्षता में 11 बजे से होगा। इसमें प्रगतिशील किसानों के अलावा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। उप निदेशक कृषि डॉ. शिवकुमार केसरी ने बताया कि बुधवार को तहसील दिवस होने के कारण किसान दिवस बृहस्पतिवार को होगा।