पिछले कई वर्षों से रसोई गैस की किल्लत से परेशान महिलाओं का गुस्सा मंगलवार की सुबह फूट पड़ा। अपनी मांगों को लेकर वे सड़कों पर उतर आईं। महिलाओं ने ग्रंट नंबर 11 की प्रधान रितु रंजना गौतम की अगुवाई में जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने बांकेगंज में गैस एजेंसी खुलवाने के साथ ही वितरण व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।
बांकेगंज कस्बे में रसोई गैस की किल्लत से जूझ रही महिलाओं ने संसारपुर स्थित गैस एजेंसी पर वितरण व्यवस्था में मनमानी करने का आरोप लगाया। इसको लेकर सैकड़ाें गृहणियों ने ग्रंट 11 की प्रधान रितु रंजना गौतम से मुलाकात कर अपना दुखड़ा सुनाया। वर्षा गुप्ता, मंजू देवी, राज कुमारी, कमला देवी, मनोरमा आदि ने बताया कि कस्बे के कनेक्शन धारकों को कभी घर पर सप्लाई नहीं मिली।
महिलाओं का कहना था कि घर में पुरुषों के न होने पर उन्हें सात किलोमीटर दूर संसारपुर स्थित एजेंसी पर रसोई गैस लेने के लिए जाना पड़ता है। रास्ते में महिलाओं को कई समस्याओं जूझना पड़ता है। इससे वह तंग आ गईं हैं।
इस बाबत डीएसओ डॉ. राकेश तिवारी ने बताया कि रसोई गैस वितरक की नियुक्ति ऑयल कंपनी के माध्यम से भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अंर्तगत जारी गाइड लाइन के तहत की जाती है। बांकेगंज क्षेत्र में कनेक्शन धारकों को रसोई गैस मिलने में हो रही परेशानी से विक्रय प्रबंधक को अवगत कराया जाएगा। जांच के बाद कार्रवाई होगी।