अधिशाषी अभियंता को ज्ञापन देते लोग। संवाद
उचौलिया/ममरी। उमस भरी गर्मी में मंगलवार शाम से बुधवार सुबह तक करीब नौ घंटे बिजली कटौती से उचाैलिया में उपभोक्ता बेहाल रहे। रातभर बिजली की आवाजाही से लोग सो नहीं सके। एक घंटे आपूर्ति के बाद दो-दो घंटे की कटौती से इन्वर्टर भी जवाब दे गए।
मंगलवार शाम छह बजे बिजली गुल हुई और तीन घंटे बाद नौ बजे आई। रात 10 बजे तक एक घंटे आपूर्ति के बाद दो घंटे कटौती रही। रात 12 से एक बजे तक बिजली आई, फिर दो घंटे गुल रही। तड़के तीन बजे आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन 4:30 बजे फिर गुल हो गई। डेढ़ घंटे बाद सुबह छह बजे बिजली आई। उपभोक्ताओं ने रात में निर्बाध आपूर्ति की मांग की।
अधिशाषी अभियंता रंजीत कुमार ने बताया कि तीन इकाइयां ठप होने से संकट बढ़ा है। कटौती पूरे प्रदेश में हो रही है। करीब एक सप्ताह बाद स्थिति में सुधार की उम्मीद है।
ममरी में हैदराबाद के बिजली उपकेंद्र पर जनहित सेवा समिति का अनिश्चितकालीन धरना एक सप्ताह में बिजली व्यवस्था सुधार के आश्वासन पर समाप्त हो गया। समिति के प्रदेश अध्यक्ष महेशचंद्र वर्मा के नेतृत्व में चल रहे धरने में अघोषित कटौती बंद करने, लो वोल्टेज दूर करने और पांच गांवों गौरीगंज, अशर्फी गंज, गणेशपुर, जनकपुर व देवीपुर को अजान लाइन से हटाकर हैदराबाद फीडर से जोड़ने की मांग की गई।
धरना स्थल पहुंचे अधिशाषी अभियंता अरविंद कुमार, एसडीओ अभिषेक गुप्ता और जेई अर्जुन सिंह ने एक सप्ताह का समय मांगा। इसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया। विकास शुक्ला, अभिषेक बाबू, दीपक रघुवंशी, सतीश वर्मा, कपिल वर्मा समेत ग्रामीण मौजूद रहे।