लखीमपुर खीरी। बीते दिनों हुई भारी बारिश के बाद शहर के गंगोत्री नगर में जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। नगर पालिका परिषद के वार्ड संख्या 14 में सड़क और कई घरों में करीब तीन से चार फुट तक पानी भरा हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव से घरेलू सामान और फर्नीचर खराब हो गया है। कई परिवार खुले आसमान के नीचे रहने के लिए मजबूर हैं। बच्चों का स्कूल आना-जाना भी प्रभावित हो रहा है। लोगों ने जिला अधिकारी को प्रार्थनापत्र देकर जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में बताया गया कि जलभराव का मुख्य कारण जेएन बाल निकुंज स्कूल वाली गली में वर्षों से सड़क के पश्चिमी हिस्से में बनी जलनिकासी व्यवस्था का बंद होना है। आरोप है कि नाली का निकास बंद किए जाने से बारिश का पानी क्षेत्र में जमा हो गया और स्थिति गंभीर हो गई।
लोगों ने डीएम से नाले की निकासी पश्चिम दिशा में कराने और जलभराव वाले क्षेत्र से जल्द पंपिंग सेट लगाकर पानी निकलवाने की मांग की है। इस दौरान सुखराज सिंह, प्रशांत चौधरी, तेज नारायण, पंकज, अनुराग, कैलाश व संजीव मौजूद रहे।
-
बारिश के बाद जलभराव से बढ़ा मच्छरों का खतरा
लखीमपुर खीरी। जलनिकासी न होने और गंदगी से मच्छरों के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। ऐसे में डेंगू, मलेरिया समेत अन्य मच्छरजनित रोगों के फैलने की आशंका है।
जिले में जनवरी से अब तक डेंगू के 19 और मलेरिया के 110 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। बारिश के बाद मौसम में गर्माहट बढ़ने से मच्छरों के प्रजनन का खतरा भी बढ़ गया है। जिला मलेरिया अधिकारी हरिशंकर ने बताया कि बारिश के बाद कई स्थानों पर पानी जमा हो गया है। मौसम गर्म होने पर ऐसे स्थान मच्छरों के पनपने के लिए अनुकूल हो जाते हैं। विभाग की ओर से अन्य विभागों के सहयोग से फाॅगिंग और साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है। संवाद
पालिका की जनसुनवाई में भी उठे जलभराव और सफाई के मुद्दे
लखीमपुर खीरी। नगर पालिका परिषद में बुधवार को हुई जनसुनवाई में नगरवासियों ने जलभराव और साफ-सफाई के साथ पानी की पाइपलाइन, सड़क-नाली और बिजली के खंभे से जुड़ी समस्याएं रखीं। जलकल विभाग में बरखेरवा में हैंडपंप मरम्मत, साउथ नहर कॉलोनी और शास्त्री नगर में जलभराव, रामनगर में पानी की पाइपलाइन, हिदायतनगर में जलापूर्ति और संकटा देवी में पानी की टंकी ठीक कराने की शिकायतें आईं।
निर्माण विभाग में ईदगाह में नाली मरम्मत, बाजपेई कॉलोनी में सड़क मरम्मत, हाथीपुर में नाला मरम्मत, बरखेरवा में निर्माण कार्य, आवास विकास कॉलोनी में सड़क ऊंची कराने और कमलापुर में सड़क-नाली निर्माण की मांग की गई। कमलापुर में नाला सफाई और काशी नगर में बिजली के खंभे की मरम्मत की शिकायत भी दर्ज हुई।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव ने शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को जल्द निस्तारण के निर्देश दिए। संवाद