नाला निर्माण का विरोध करते मोहल्ला वासी। संवाद
खीरी टाउन। मोहल्ला हनियां टोला में मंदिर के पास नाले के निर्माण से आहत लोगों ने मकानों पर बिकाऊ लिखकर विरोध जताया। अधिशाषी अधिकारी ने विकास कार्यों में बाधा डालने की बात कही है।
रविवार को मोहल्ला हनियां टोला के राजकुमार यादव, महेश प्रसाद, राजकुमारी, राम बेटी, पूजा यादव, मोहन यादव और मुन्ना यादव आदि ने अपने मकानों पर लिखा कि यह मकान बिकाऊ है। इन लोगों का कहना था कि नगर पंचायत जबरदस्ती मंदिर के पास से नाला निकालकर उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचाने का काम कर रहा है। कुछ दिन पूर्व नगर पंचायत और डीएम से भी लिखित शिकायत की गई थी। इसके बाद भी नाले का निर्माण जारी है।
अधिशाषी अधिकारी विनीत कुमार ने बताया कि नाले का निर्माण जनहित में आवश्यक है। मंदिर सड़क पर ही बना हुआ है। नाले के निर्माण से पानी का निकास हो जाएगा। अन्यथा बरसात का पानी मोहल्ले में भरता रहेगा। विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करने के लिए कुछ लोग प्रदर्शन कर रहे हैं।