विद्युत उपकेंद्र पर धरना प्रदर्शन करते ग्रामीण। संवाद
ममरी। अजान फीडर से जुड़े कई गांव के लोगों ने बिजली की समस्या को लेकर हैदराबाद विद्युत उपकेंद्र का घेराव कर हंगामा किया।
ग्रामीणों का कहना था कि अजान फीडर लाइन से 44 गांव पहले से जुड़े थे, जिस पर 16 गांवों का भार और बढ़ा दिया गया। इससे लाइन पर अतिरिक्त भार बढ़ गया है। हालात ये हैं कि क्षेत्रवासियों को बिजली सुचारू ढंग से नहीं मिल पा रही है। उन्होंने अधिकारियों से मांग की गई कि इस फीडर लाइन की क्षमता और बढ़ाई जाए, जिससे नियमित आपूर्ति मिल सके। उनका कहना था कि बिजली की कमी के चलते उन्हें अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सिंचाई के अभाव में फसले सूख रही हैं व घर में लगे उपकरण बंद पड़े हैं। इससे कार्य बाधित हो रहा है।
उन्होंने अधिकारियों पर आरोप लगाया कि यह 16 गांव मोटी रकम लेकर जोड़े गए हैं, जिससे व्यवस्था और बदहाल हो गई है। चेतावनी दी कि अगर इस मामले में शीघ्र सुनवाई नहीं की गई तो उग्र आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। इस मौके पर मोनू वर्मा, ध्रुव नारायण, धीरू कुमार, अभिषेक, सलीम सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
जेई सत्येंद्र कुमार का कहना है कि लाइन पर नए गांव जुड़ने से वाकई लोड बढ़ गया है। इस बाबत उन्होंने ग्रामीणों को एसडीओ से बात करने की सलाह दी है। यह भी बताया कि जो नए गांव लाइन से जोड़े गए थे, रात में उन्हें हटा दिया गया है।