पलिया के बुद्धापुरवा गांव में वन विभाग द्वारा लगवाया गया पिंजड़ा। स्रोत : वन विभाग
पलियाकलां। बसंतापुर और मलिनियां समेत कई गांवों में आतंक का पर्याय बने तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने बुद्धापुरवा में पिंजरा लगा दिया है। वनकर्मी उसकी लोकेशन ट्रेस करने के लिए जुटे हुए हैं।
मझगई रेंज के बसंतापुर खुर्द के गांव बुद्धापुरवा में कई दिनों से तेंदुआ की चहलकदमी बनी हुई है। तेंदुए ने मलिनियां में ग्रामीण गुरप्रीत के घर के आंगन में बंधे कुत्ते पर हमला करते हुए उसे मौत के घाट उतार दिया था। उसके बाद तेंदुए ने एक अन्य किसान के पालतू कुत्ते को मारकर उसे गन्ने के खेत में खींच ले गया था।
लगातार हो रहे हमले के बाद मलिनियां, बेला, बसंतापुर गांवों के ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग की थी। वन विभाग ने भी कई कैमरे लगाए थे और तेंदुए की लोकेशन को ट्रेस करने का कार्य शुरू किया था, लेकिन उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो सकी। वन विभाग की टीमें बराबर इन गांवों के आसपास निगरानी करने में जुटी हुईं थीं। अब वन विभाग की तरफ से बुद्धापुरवा गांव के एक खेत में पिंजरा लगाया है।
मझगईं रेंजर अंकित कुमार सिंह ने बताया कि पिंजरे में कुत्ते को छोड़ गया है और पिंजरे के आसपास वन विभाग की टीमें अलग-अलग तरफ से लगाई गई हैं, ताकि जल्द तेंदुए को पकड़ने में सफलता मिल सके।