बिजुआ में बिजली न होने से पेड़ के नीचे बैठे परेशान उपभोक्त। संवाद
लखीमपुर/फरधान। भीषण गर्मी में बिजली कटौती ने लोगों को बेहाल कर दिया है। रविवार की रात 12 बजे तार टूटने से लालपुर बैरियर, बेरियातारन, हुसैनापुर आदि गांवों की बत्ती गुल हो गई। इससे गुस्साए लोगों लोगों ने पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर लालपुर बैरियर के पास जाम लगा दिया।
ऊर्जा निगम मुर्दाबाद के नारे लगाए। करीब एक घंटे तक हाईवे जाम रहा। सूचना पर सदर कोतवाली, एचआरपी चौकी की पुलिस फोर्स के अलावा थाना फरधान के एसओ कौशल किशोर मौके पर पहुंच गए। उपभोक्ताओं को समझाने की कोशिश की। इस बीच पुलिस और उपभोक्ताओं के बीच नोकझोंक भी हुई। करीब एक घंटे तक हाईवे पर हंगामा चला। बताते हैं कि जाम में एक न्यायिक अफसर की गाड़ी भी फंस गई। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से जाम खुलवाया।
20 दिन पहले आई आंधी में टूट गए थे 20 से अधिक खंभे
बेरियातारन, हुसनैनापुर, लालपुर आदि गांवों की सप्लाई फरधान के कैमरा बिजलीघर से हो रही थी। 20 दिन पहले आई आंधी से क्षेत्र के करीब 20 से अधिक बिजली के खंभे टूट गए थे। लाइन पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने पर इन गांवों को कालाआम छाउछ बिजलीघर से आपूर्ति दी जाने लगी। रविवार को रात तार टूटने से गांवों की बत्ती गुल हो गई। सुनवाई न होने पर लोग भड़क गए और हाईवे जमा कर दिया।
हर आधे घंटे में 10 से 15 मिनट की कटौती
इन दिनों शहर की भी बिजली व्यवस्था बहुत ही खराब है। रविवार रात और सोमवार को पूरे दिन बिजली आती-जाती रही। रविवार की पूरी रात बिजली कटौती का खेल चलता रहा। हर आधे घंटे में 10 से 15 मिनट कटौती का खेल पूरी रात चलता रहा। यही हाल सोमवार को रहा। पूरे दिन कटौती पर कटौती होने से उपभोक्ता बेहाल हो गए।
बिजुआ में बिजली न होने से पेड़ के नीचे बैठे परेशान उपभोक्त। संवाद