संपूर्णानगर पीएचसी पर डॉक्टर और ऑक्सीजन की मांग को लेकर डीएम को लिखा पत्र
विधायक रोमी साहनी का पूरा परिवार हो चुका है पॉजिटिव
पलियाकलां (लखीमपुर खीरी)। भाजपा विधायक रोमी साहनी ने संपूर्णानगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की तैनाती और ऑक्सीजन की मांग करते हुए डीएम को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने लिखा है कि पीएचसी पर डॉक्टर और ऑक्सीजन उपलब्ध न होने से लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ रहा है।
विधायक रोमी साहनी ने डीएम को लिखे पत्र में कहा है कि विधानसभा के संपूर्णानगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकों की तैनाती न होने के कारण क्षेत्र की जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समय कोरोना महामारी के चलते पीएचसी पर चिकित्सकों और ऑक्सीजन की उपलब्धता न होने के कारण लोगों को चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पा रही है, जिससे लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ रहा है।
विधायक ने पत्र के जरिये डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह से संपूर्णानगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में चिकित्सकों की तैनाती व ऑक्सीजन की उपलब्धता कराने का आदेश पारित करने की मांग की है। विधायक ने बताया कि क्षेत्र की जनता परेशान है, उनकी मांग पर डॉक्टर और ऑक्सीजन की मांग को लेकर पत्र लिखा है। पत्र की एक प्रतिलिपि मुख्यमंत्री कार्यालय को भी भेजी गई है।
मैं इस वक्त खुद बीमार हूं। मेरा पूरा परिवार कोरोना से संक्रमित हो गया था। कुछ दिन पहले निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद क्षेत्र में दौरा किया था, जिसके बाद संपूर्णानगर पीएचसी पर डॉक्टरों और ऑक्सीजन की कमी की बात पता चली। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाते हुए डीएम से पीएचसी पर डॉक्टर और ऑक्सीजन उपलब्ध कराने की मांग की है। - रोमी साहनी, भाजपा विधायक, पलिया
विधायक रोमी साहनी का पत्र मिला है। कई डॉक्टर संक्रमित हैं, जिसकी वजह से दिक्कत है। डॉक्टरों की भर्ती के लिए विज्ञापन निकाला गया है, वॉकइन इंटरव्यू भी चल रहा है। कोशिश की जा रही है। संपूर्णानगर पीएचसी पर जल्द ही डॉक्टर की तैनाती कर दी जाएगी। ऑक्सीजन की कोई दिक्कत नहीं है। - शैलेंद्र कुमार सिंह, डीएम