लखीमपुर खीरी। दिवाली से पहले जिले के 62 हजार से अधिक बुजुर्गों के खातों में पेंशन की राशि भेज दी गई है। त्योहार से पहले पेंशन आ जाने से बुजुर्गों के चेहरे खिल उठे हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी राम जनम ने बताया कि जिले के 62254 बुजुर्ग पेंशन लाभार्थियों के खातों में द्वितीय त्रैमास की किस्त भेज दी गई है। हर माह एक हजार रुपये के हिसाब से तीन हजार रुपये खातों में भेजे गए हैं। जिनको पहले पेंशन मिल रही थी और अब नहीं मिली है, तो वह अपने बैंक जाकर खाता एनपीसीआई से लिंक करा दें।
वहीं वृद्धावस्था पेंशन के लिए आवेदन करने वाले 7864 बुजुर्गों की पेंशन स्वीकृत हो गई है। डाटा शासन को भेज दिया गया है। इनका बैंक खाता, आधार सीडिंग और एनपीसीआई से लिंक को लेकर पुन: सत्यापन कराया जा रहा है। इसमें से 4688 का पुन: सत्यापन हो चुका है। संवाद