शहर में रक्षाबंधन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं, बाजारों में इस बार स्टाइलिश राखियों की धूम है। जिसमें मोर राखियां युवतियों को खूब भा रही हैं। वहीं पुस्तक राखी की भी काफी मांग है। सुगंधित चंदनयुक्त रोली और सजी हुई प्लेट भी पसंद की जा रही हैं।
सड़क से लेकर मेन बाजार तक राखियों की दुकानें सज गई हैं। दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ जुटने लगी है। रक्षा बंधन पर्व में अब तीन दिन ही बचे हैं तो बाजार में भी इसकी धूम दिखाई देने लगी है। बाजार में सेवइयों से लेकर राखी तक की ब्रिकी बढ़ गई है। दुकानदार भी लोगों की पसंद को ध्यान में रखकर तमाम तरह की स्टाइलिश राखियां लाए हैं। युवा और बच्चों को यह राखियां काफी आकर्षित कर रही हैं।
राखी विक्रेता सुशील गुप्ता ने बताया कि इस बार कई नई तरह की राखियां आई हैं। इसमें पीकाक राखी की कीमत 150 रुपये है, इसमें मोतियों को मोर के आकार और रंगों में ढालकर सजाया गया है। चंदन रोली और राखी से सजी प्लेट की भी काफी मांग हो रही है। गीता की छोटी सी पुस्तक राखी के डिब्बे में है। दूर-दराज क्षेत्रों में भाइयों को राखी भेजने के लिए राखी के आकर्षक लिफाफे भी आ गए हैं। बाजार में सुगंधित चंदन युक्त रोली भी खूब बिक रही है, इसकी कीमत 35 रुपये है। इस बार मारवाड़ी लुंबा भी कई आकर्षक डिजाइनों में उपलब्ध है। यह 10 रुपये से 250 रुपये तक है।
सुुशील गुप्ता ने बताया बाजार में सूती राखियों से लेकर रेशमी राखियां हैं, इनकी कीमत दो रुपये से 550 रुपये तक है। राखी विक्रेता राजकुमार ने बताया कि बच्चे गजरे अधिक पसंद कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि राखियों की ब्रिकी पिछले वर्ष से इस बार अच्छी है। इसके अलावा बाजार में सेवइयों की बिक्री भी शुरू हो गई है। बाजार में सोने और चांदी की भी आकर्षक डिजाइनों में राखियां उपलब्ध हैं।
आधुनिक के दौर में बदला राखियों का स्वरूप
गोला गोकर्णनाथ। रक्षाबंधन नजदीक आते ही नगर के मिल डायवर्जन रोड पर रंग-बिरंगी राखियों की दर्जनों दुकानें सज गई हैं। आधुनिकता के दौर में राखियों का स्वरूप बदल गया है। बाजारों में स्टोन राखी का खास क्रेज देखा जा रहा है। हालांकि बहनों को यह राखी खरीदने के लिए थोड़ा अधिक खर्च करना होगा।
बाजार में अन्य जिले और दिल्ली के कई व्यवसायियों ने दुकानें सजाई हैं। कच्चे सूत से निर्मित राखी के जगह रेशम और बॉम्बे स्टोन से बनी राखियां बाजार में ऊंचे दामों पर बिक रही हैं। आकर्षक, चमकीली और रंग-बिरंगी इन राखियों को खरीदने के लिए युवतियों में उत्साह देखा जा रहा है। दिल्ली राखी भंडार के आशीष देवल 18 वर्षों से राखी का व्यवसाय करने प्रतिवर्ष आते हैं। उन्होंने बताया कि इस समय रेशम निर्मित राखी का न्यूनतम मूल्य पांच रुपया और बॉम्बे स्टोन से बनी राखियों की कीमत 40 रुपये से लेकर 150 रुपये तक है।