लखीमपुर खीरी। मेडिकल कॉलेज अस्पताल का निर्माण काफी समय पहले पूरा हो चुका है, लेकिन विद्युतीकरण न होने से संचालन अटका है। शासन ने इसके लिए 4.22 करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है। टेंडर प्रक्रिया के बाद जल्द काम शुरू होने की उम्मीद है।
देवकली में मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की कक्षाएं संचालित हैं, लेकिन शहर का मेडिकल अस्पताल अब भी शुरू नहीं हो सका। 400 बेड वाले अस्पताल का निर्माण 261 करोड़ रुपये के बजट से कराया गया। डी-ब्लॉक छोड़कर निर्माण लगभग पूरा है। विद्युत कनेक्शन न होने से संचालन नहीं हो सका।
इसके विद्युतीकरण में 5.60 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। रकम न मिलने से काम अटका था। अब 4.22 करोड़ रुपये जारी होने से विद्युतीकरण का रास्ता साफ हो गया है। इसके बाद अस्पताल शुरू होने की उम्मीद है। सीडीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि जल्द विद्युतीकरण का काम शुरू होगा।