जिला अस्पताल और महिला अस्पताल में मरीजों की असुविधाओं को देखते हुए सीडीओ नितीश कुमार ने अधिकारियों को नियुक्त किया है। यह अधिकारी निरीक्षण कर यह पता लगाएंगे कि अस्पतालों में क्या दिक्कतें हैं और इनका समाधान कैसे किया जाएगा।
सीडीओ ने बताया कि मंशा के अनुरूप अस्पतालों में विभिन्न शासनादेशों के क्रम में सभी वांछित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और यदि किसी मद में बजट का अभाव है तो स्वास्थ्य अधिकारी बजट के लिए कार्रवाई कर जांच अधिकारी को बताएंगे। निरीक्षण के लिए नामित जिला विकास अधिकारी को न्यू सर्जिकल, उप कृषि निदेशक को फीमेल वार्ड, जिला कृषि रक्षा अधिकारी को जनरल वार्ड, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को मेल मेडिकल वार्ड, उपायुक्त श्रम रोजगार को नेत्र वार्ड, जिला कृषि अधिकारी को आईसोलेशन वार्ड, बर्न वार्ड और टिटनेश वार्ड की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला युवा कल्याण अधिकारी को टीबी वार्ड, परियोजना अधिकारी नेडा को इमरजेंसी वार्ड और जिला कार्यक्रम अधिकारी को पोषण पुनर्वास केंद्र के निरीक्षण का जिम्मा सौंपा गया है। महिला अस्पताल में सर्जिकल वार्ड चेक करने के लिए जिला अल्पसंख्यक अधिकारी, मैटरनिटी वार्ड के निरीक्षण के लिए सहायक संभागीय अधिकारी को निर्देशित किया गया है। इसी क्रम में जिला पंचायत की अभियंता को स्मार्ट वार्ड, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका को मैटरनिटी वार्ड और बेसिक शिक्षा विभाग की समन्वयक को माइनर ओटी, महिला नसबंदी वार्ड की जांच करनी है। सीडीओ ने निर्देश दिया है कि निरीक्षण में मिली कमियों को दूर करने के लिए स्वास्थ्य अधिकारियों से सहयोग लिया जाए।