वर्षा के कारण नमी होने से शहर के बिजली उपकरण लोड नहीं बर्दाश्त कर पा रहे हैं। बुधवार की रात अलग-अलग मोहल्लों के तीन ट्रांसफार्मर फुंक गए। वहीं बृहस्पतिवार को बिजली सप्लाई आते ही नई बस्ती उपकेंद्र के जेल फीडर की सीटी दग गई। बिजली उपकरणों के फुंकने के कारण दिनभर करीब एक दर्जन मोहल्ले के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। उमस भरी गर्मी में लोग बिलबिला उठे। बिजली कटौती होने से पेयजल व्यवस्था भी ध्वस्त हो गई।
बुधवार की रात वर्षा के दौरान नौरंगाबाद मोहल्ले में लगा 250 केवीए का ट्रांसफार्मर तेज आवाज के साथ फुंक गया, इससे मोहल्ले के करीब 200 घरों की बिजली सप्लाई गुल हो गई। इसी दौरान मोहल्ला हाथीपुर कोठार में लगा 400 केवीए का ट्रांसफार्मर भी फुंक गया। इससे मोहल्ले के करीब 350 घरों की बिजली सप्लाई बाधित हो गई। इन दोनों मोहल्लों में बिजली कटने के बाद लोगों ने बिजली अधिकारियों को सूचना दी। वहीं बृहस्पतिवार की अलसुबह हुई तेज वर्षा के दौरान विकास भवन के पास रखा 400 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंक गया। इस कारण महाराजनगर, बहादुरनगर, आवास विकास, काशीनगर समेत कई मोहल्लों की बिजली सप्लाई गुल हो गई। नया ट्रांसफार्मर लगाने में बिजली विभाग को कई घंटे लग गए। इस दौरान लोगों को बिजली-पानी की दिक्कतों से जूझना पड़ा। बृहस्पतिवार की सुबह पांच बजे से 11 बजे तक की रोस्टरिंग के बाद जब बिजली सप्लाई आई तभी नई बस्ती उपकेंद्र में अचानक धमाका हुआ और जेल फीडर की सीटी दग गई। सीटी दगने से जेल फीडर से जुड़े मोहल्ला अफसर कॉलोनी, कलक्ट्रेट, पुलिस लाइंस, कारागार, नौरंगाबाद, शाहपुरा कोठी, प्यारेपुर, गंगोत्रीनगर समेत कई मोहल्लों के लोगों को गर्मी में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शाम करीब चार बजे तक खराबी दूर होने के बाद रोस्टरिंग पीरियड में बिजली सप्लाई बहाल कर दी गई।
जेई नई बस्ती मनोज पुष्कर ने बताया कि वर्षा के कारण इस समय बिजली उपकरण नम हो जा रहे हैं और लोड पड़ने पर फुंक रहे हैं, इससे ज्यादा दिक्कत आ रही है। जहां-जहां पर उपकरण फुंके थे, उन्हें बदलकर बिजली सप्लाई बहाल कर दी गई है।