लखीमपुर खीरी के जिला अस्पताल में वेंटिलेटर न मिलने से मरीज की मौत हो गई। तीमारदार मरीज को लेकर आईसीयू पहुंचे, लेकिन वहां ताला लगा मिला। वेंटिलेटर न मिलने से मरीज की जान चली गई।
लखीमपुर खीरी में मेडिकल कॉलेज के अधीन संचालित जिला अस्पताल में लगातार लापरवाही के मामले सामने आ रहे हैं। बीते कुछ माह पहले एक महिला की लापरवाही से हुई मौत के बाद रविवार को भी वेंटिलेटर न मिलने से एक मरीज ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि जिला अस्पताल के आईसीयू में ताला पड़ा था। इस पर परिजन मरीज को लेकर भटकते रहे। मामले से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
विज्ञापन
रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे परिजन मरीज को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां ऑक्सीजन की कमी के चलते डॉक्टरों ने उसे आईसीयू में शिफ्ट करने को कहा। परिजन जैसे ही मरीज को लेकर आईसीयू पहुंचे तो वहां ताला पड़ा था। जानकारी की तो पता चला कि मरीज न होने के चलते आईसीयू में ताला लगा दिया गया है, जिसके चलते मरीज को फिर इमरजेंसी में शिफ्ट करने के लिए वापस लाया गया। जहां कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. आरके कोली ने बताया कि ऐसी किसी घटना की कोई जानकारी नहीं है। आईसीयू में मरीज को शिफ्ट करने की भी कोई फाइल नहीं आई। इमरजेंसी में दो वेटीलेंटर हैं, इसलिए आईसीयू की जरूरत ही नहीं पड़ती।