लखीमपुर खीरी जिले में शराब पीने के लिए रुपये नहीं दिए तो युवक ने अपने छोटे भाई पर हंसिया से हमला कर दिया। गर्दन कटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। परिवार में कोहराम मच गया। दिवाली की खुशियां मातम में बदल गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। उससे हत्यारोपी भाई की तलाश शुरू कर दी है। रात में एएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
कस्ता कस्बा निवासी सतीश (25 वर्ष) की उसके बड़े भाई विजेंद्र उर्फ बंटी ने गर्दन पर धारदार हथियार (हंसिया) मारकर हत्या कर दी। मृतक के बड़े भाई सूरज ने पुलिस को बताया कि उसका छोटा भाई सतीश गाजियाबाद में रहकर नौकरी करता था। वह एक दिन पहले उसके साथ दिवाली मनाने घर आया था। सोमवार शाम के वक्त परिवार के लोग दिवाली की तैयारी में लगे थे। इसी बीच सतीश से उसके भाई विजेंद्र उर्फ बंटी ने शराब पीने के लिए रुपये मांगे।
हंसिसा से काटी गर्दन
सूरज के मुताबिक सतीश ने रुपये देने से मना कर दिया तो विजेंद्र घर में रखा हंसिया उठा लाया और सतीश के गर्दन पर मार दिया। गर्दन कटने से सतीश खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। चीख-पुकार मचने पर आसपास के लोग आ गए। पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले सतीश ने दम तोड़ दिया। इस बीच विजेंद्र मौके से भाग गया। रात में एएसपी अमित राय व सीओ जितेंद सिंह परिहार ने घटनास्थल का जायजा लिया।