मैलानी। कोरोना काल में बंद होने के बाद पहली बार गोमती एक्सप्रेस गोरखपुर से चलकर शुक्रवार की दोपहर निर्धारित समय पर मैलानी पहुंची। ट्रेन से सफर कर मैलानी पहुंचे यात्रियों ने ट्रेन के संचालन पर ख़ुशी जताई।
गोमती एक्सप्रेस से पहले दिन यहां बेहद कम यात्री उतरे। चीफ टीटीई चरन सिंह ने बताया कि पहले दिन बमुश्किल 50 यात्री यहां उतरे। एसएस रमेश कुमार ने कहा कि पहला दिन है, लोगों को ट्रेन चलने की जानकारी नहीं हो सकी है। संभवत: इसीलिए यात्रियों की संख्या कम रही।
गोरखपुर जाने वाली ट्रेन के 30 टिकट बिके
मुख्य वाणिज्य अधीक्षक जेके रावत ने बताया कि पहले दिन गोरखपुर जाने वाली गोमती एक्सप्रेस के मैलानी बुकिंग काउंटर से कुल 30 रिजर्वेशन टिकट बिके। उन्होंने बताया कि इसके अलावा अन्य माध्यमों से भी यात्रियों ने रिजर्वेशन कराया होगा, जिसका विवरण उनके पास नहीं है।
मोहल्ला आर्यनगर सीतापुर से मेन मार्केट निवासी अपने मामा गोपाल सिंघल के आए संस्कार पटवारी ने कहा कि काफी दिनों बाद ट्रेन से आने पर बहुत खुशी हुई।
ग्राम सुरजनपुर निवासी युवा अमित निषाद ने कहा कि ट्रेन चलने से पूर्वांचल के लोगों को सुविधा हो गई है। बंदी के दौरान गोरखपुर पहुंचने में समय और पैसा दोनों ही अधिक खर्च होते थे।
सीतापुर निवासी अतुल दीक्षित ने कहा कि काम के सिलसिले में अक्सर मैलानी आना होता है। ट्रेन बंद होने से यहां आने-जाने में बेहद परेशानी होती थीं। अब निजात मिल जाएगी।
संपूर्णानगर निवासी और बोकारो झारखंड में जॉब करने वाले संदीप कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि बोकारो से आकर गोरखपुर से गोमती एक्सप्रेस में सवार हुए और आसानी से मैलानी पहुंच गए।