फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri News: गन्ने के खेतों में तेंदुए की आहट से दहशत

Thu, 26 Feb 2026 10:46 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
विज्ञापन
निघासन। दक्षिण निघासन के लुधौरी वन रेंज क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। निघासन तहसील के बैलहा क्षेत्र के कोदी पुरवा गांव के पास गन्ने के खेत में तेंदुआ दिखाई देने की सूचना से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ पास के गन्ने के खेत में घुस गया।
विज्ञापन

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले तीन-चार दिनों से तेंदुआ गांव के आसपास खेतों में घूमता दिखाई दे रहा है। इससे किसान और खेतों में काम करने वाले मजदूरों में डर का माहौल बना हुआ है। लोग अब अकेले खेतों की ओर जाने से बच रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और इलाके में निगरानी शुरू कर दी। दक्षिण निघासन के लुधौरी वन रेंज के रेंजर मोबिन आरिफ ने बताया कि टीम को तत्काल गांव भेजा गया है। तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और संदिग्ध स्थानों पर गश्त बढ़ा दी गई है।
विज्ञापन


बृहस्पतिवार को लुधौरी वन रेंज के ही कोनहापुरवा गांव के बाहर भी तेंदुए की मौजूदगी की सूचना से ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। गांव के पश्चिम दिशा में स्थित प्यारे लाल के गन्ने के खेत में तेंदुआ देखे जाने की बात सामने आई। सूचना मिलने पर वन दारोगा अखिलेश रावत टीम के साथ मौके पर पहुंचे और खेतों में कांबिंग कर जांच की। टीम को तेंदुए के पगचिह्न मिले, इससे इलाके में उसकी मौजूदगी की पुष्टि हुई।

वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, समूह में खेतों पर जाने और बच्चों को अकेले बाहर न भेजने की अपील की है। उधर, ग्रामीणों का कहना है कि जब तक तेंदुए को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर नहीं भेजा जाता, तब तक गांवों में भय का माहौल बना रहेगा। उन्होंने वन विभाग से लगातार निगरानी और जल्द कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें