फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंचायत चुनाव: 4495 बूथों पर आज डाले जाएंगे वोट

विज्ञापन
लखीमपुर डीएस कॉलेज में मतपेटी ले जाते मतदान कर्मी। संवाद - फोटो : LAKHIMPUR
विज्ञापन
लखीमपुर खीरी। लखीमपुर ब्लॉक क्षेत्र के 416 पोलिंग बूथों के लिए डीएस इंटर कॉलेज से पोलिंग पार्टियां रवाना की गईं। सुबह आठ बजे से ही अपनी ड्यूटी पता करने के लिए मतदान कर्मियों की काफी भीड़ काउंटरों पर उमड़ी, जिससे कोरोना प्रोटोकॉल की जमकर धज्जियां उड़ीं। इस दौरान कई मतदान कर्मियों के कोरोना संक्रमित होने की वजह से उनके स्थान पर रिजर्व पोलिंग पार्टियों से कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई। सोमवार को 27,69,994 मतदाता 18074 पदों के लिए वोट डालेंगे।
विज्ञापन

डीएस इंटर कॉलेज में लखीमपुर ब्लॉक के 15 न्याय पंचायत क्षेत्रों के पोलिंग बूथों के लिए मतदान कर्मियों की ऐसी भीड़ उमड़ी कि कोविड प्रोटोकाल के सारे नियम कायदे हवा हवाई हो गए। मतदान कर्मी अपनी ड्यूटी जानने के लिए काउंटरों पर भीड़ के रूप में जमा हो गए। इससे काउंटरों पर अफरा-तफरी मची रही। अधिकारी भीड़ को नियंत्रित करने के प्रयास में लाउड स्पीकर से एनाउंस करते रहे, लेकिन कर्मचारियों पर कोई असर नहीं हुआ। दोपहर से पोलिंग पार्टियों की रवानगी का सिलसिला शुरू हुआ, जो शाम तक चलता रहा। आरओ ब्रजेश कुमार पटेल ने बताया कि करीब 200 मतदान कर्मी अनुपस्थित रहे, जिसमें कुछ कोरोना संक्रमित थे। लिहाजा उनके स्थान पर रिजर्व पार्टियों के मतदान कर्मियों को भेजा गया है। जो मतदान कर्मी अनुपस्थित रहे हैं, उनके खिलाफ एफआईआर कराई जाएगी। उधर, जीआईसी ग्राउंड से संबंधित ब्लॉकों के लिए मतदान कर्मियों को रवाना किया गया, जहां से वह पोलिंग बूथों के लिए भेजे गए।
इसे भी जानें
जिला पंचायत सदस्यों के कुल पद 72
ग्राम प्रधानों के कुल पद 1165
क्षेत्र पंचायत सदस्यों के कुल पद 1790
ग्राम पंचायत सदस्यों के कुल पद 15047
मतदान केंद्रों की संख्या 1554
मतदान स्थलों की संख्या 4495
संवेदनशील मतदान केंद्र 137
अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र 128
अतिसंवेदनशील प्लस केंद्र 90
जब जिम्मेदार ही बरत रहे लापरवाही तो जनता को कौन समझाए
गोला गोकर्णनाथ। रविवार को ब्लाक कुंभी मुख्यालय से ब्लाक क्षेत्र के मतदान केंद्रों के लिये रवाना हुईं पोलिंग पार्टियां सोमवार को ब्लाक कुंभी क्षेत्र की 10 न्याय पंचायतों में 74 ग्राम पंचायतों में प्रधान, 122 बीडीसी और 970 ग्राम पंचायत सदस्यों का चुनाव कराएंगी। ब्लाक में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 119 मतदान केंद्रों के तहत 328 मतदेय स्थल हैं। जहां मतदाता अपने गांव की सरकार चुनने के लिए वोट डालेंगे। रविवार को अव्यवस्थाओं के बीच पोलिंग पार्टियों की रवानगी हुई। भीषण तपती दोपहरी में पांडाल के नीचे कहीं मतदान कर्मी अपना ड्यूटी चार्ट लिए काउंटर तलाशते दिखे, तो कहीं मतपेटियों को ठीक करते दिखाई दिए। खासकर जिन महिला मतदान कर्मियों की गोद में बच्चे थे उन्हें काफी परेशानी हुई।वहीं, कर्मियों को मत पेटी उठाकर एक किलोमीटर तक चलना पड़ा।---
विज्ञापन

मास्क लगाकर बैठेंगे मतदान कर्मी
धौरहरा। विकास खंड धौरहरा में 49 ग्राम पंचायतों में 200 बूथ और 68 मतदान केंद्र बनाए गए। रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज से सभी मतदान केंद्रों तक मतदान कराने के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना की गईं। वही रमियाबेहड़ में 305 बूथ और 98 मतदान केंद्र बनाए गए। ईसानगर विकास खंड में 81 ग्राम पंचायतों में 277 बूथ और 94 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पब्लिक इंटर कॉलेज नरगड़ा से पोलिंग पार्टियां रवाना की गई। प्रत्येक बूथ पर एक पीठासीन अधिकारी सहित चार मतदान कर्मी मतदान कराएंगे। मतदान केंद्रों पर मास्क सैनिटाइजर की व्यवस्था की गई है। सभी मतदान कर्मी मास्क लगाकर बैठेंगे।
बिजुआ में 310 बूथ पर 1240 कर्मचारियों की लगी ड्यूटी
बिजुआ। ब्लॉक की 80 ग्राम पंचायतों में वोटिंग के लिए 94 मतदेय स्थलों पर बने 310 पोलिंग बूथ पर कल वोट डाले जाएंगे। जिन पर 1240 कर्मचारियों की ड्यूटी लगी है। रविवार को बूथों के लिए दोपहर 3 बजे तक सभी पार्टियां ब्लॉक से रवाना हो गई। खंड विकास अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि चार कर्मचारियों ने खुद के कोरोना पाजिटिव होने की सूचना लिखित रूप से साक्ष्य सहित दी थी, उन्हे ड्यूटी से छूट दी गई है। चुनाव ड्यूटी में आए कर्मचारियों की भीड़ थी, उनके लिए कोई तापमान चेक करने वाला तक नही थी। ड्यूटी दे रहे कर्मचारियों के पास सेनेट्राइजर मौजूद था, लेकिन सार्वजनिक रूप से कहीं कोई व्यवस्था नही दिखी। तमाम महिलाएं छोटे बच्चों को लेकर ड्यूटी करने आईं थीं
स्कूली बसों से रवाना हुई पार्टियां, लगी रही ब्लाक में भीड़
पलियाकलां। रविवार को ब्लाक परिसर से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। एसडीएम डॉ अमरेश कुमार, तहसीलदार आशीष कुमार सिंह, बीडीओ डॉ विनय कुमार मिश्र, बीईओ ओंकार सिंह, सीओ राजेश कुमार, इंस्पेक्टर सुनील कुमार समेत पूरा प्रशासनिक अमला रवानगी के लिए डटा रहा। सभी को सामग्री दी गई, जिसके मिलान करने के बाद यहां से सभी की रवानगी की गई। काफी संख्या में महिला, पुरूषों की भीड़ ब्लाक सभागार में लगी रही। देर शाम तक रवानगी का दौर चलता रहा। इसके लिए स्कूली बसों को संपूर्णानगर रोड पर लगाया गया था। जो लोगों को लेकर रवाना हुईं। बीडीओ डॉ विनय कुमार मिश्र ने बताया कि 102 मतदान केंद्र के 293 मतदान स्थलों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगें।संवाद
बांकेगंज ब्लॉक से पोलिंग पार्टियां रवाना
बांकेगंज। क्षेत्र की 50 पंचायतों में सोमवार होने वाले मतदान के लिए रविवार सवेरे ब्लॉक मुख्यालय परिसर में मतदान कर्मियों की भीड़ उमड़ पड़ी। ब्लॉक क्षेत्र में मतदान के लिए बनाए गए 265 बूथों के लिए परिसर में बने काउंटरों पर भीषण गर्मी में मतदान सामग्री लेने के लिए कर्मी घंटों धूप में खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। दोनों हाथों में मतदान सामग्री और बैलट बॉक्स लेकर कर्मी कस्बा के मेला ग्राउंड में खड़ी बसों से मतदान केद्रों के लिए रवाना हुए। मतदान कर्मियों को कोई दिक्कत न हो इसको लेकर एसडीएम गोला अखिलेश यादव स्वयं शाम तक मेला मैदान में व्यवस्था की देखभाल में लगे रहे।
कोविड की कराई जांच, लगी ड्यूटी
मोहम्मदी। पंचायत चुनाव को लेकर मंडी परिसर में मतदान कर्मी पेटी को सिर पर रखकर लगभग 600 मीटर दूरी तय करके अपने वाहन तक ले गए। जबकि, लखीमपुर की निवासी सूची शुक्ला ने बताया कि उसने कोविड 19 की जांच कराई थी। मगर अभी उसे रिपोर्ट अभी नहीं मिल पाई है, उसे सांस लेने में तकलीफ है उसके बाद भी चुनाव में ड्यूटी लगा दी गई है।
हर पोलिंगपार्टी के साथ सुरक्षाकर्मी
निघासन। ब्लाक की 65 ग्राम पंचायतों के प्रधानों, जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत व ग्राम पंचायत सदस्यों की तकदीर सोमवार को लिखी जाएगी। एडीओ पंचायत रामलाल राना ने बताया कि 120 मतदान केंद्रों के 348 बूथों पर वोटिंग होगी। यहां लगाए गए मतदानकर्मियों को चुनाव सामग्री देकर भेज दिया गया है। हर पोलिंग पार्टी के साथ सुरक्षाकर्मी भी लगाए गए हैं। मतदान सामग्री बांटने के लिए ब्लाक परिसर में न्याय पंचायतवार काउंटर बनाए गए थे। दूर-दूर बनाए गए काउंटरों से कोविड नियमों को देखते हुए देर शाम तक मतपेटियों समेत अन्य सामग्री वितरण का काम निपटाया गया।
मितौली। पोलिंग पार्टियों को ब्लॉक मुख्यालय से रवाना करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने के लिए 54 सीटर 46 वाहन मंगाए गए थे। जिनसे सभी को भेजने की तैयारी थी। सुबह से आए मतदान कर्मी पूरे दिन ब्लाक मुख्यालय से पोलिंग पार्टी रवाना होने का इंतजार करते रहे। उन्हें सामग्री तो जल्दी ही वितरित कर दी गई थी लेकिन उनकी बसें ब्लॉक मुख्यालय के सामने मेला मैदान से करीब 5 बजे रवाना हो सकी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें