लखीमपुर खीरी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य एक अक्तूबर 2020 से प्रारंभ हो जाएगा। बीएलओ घर-घर जाकर गणना और सर्वे करेंगे, जो सर्वे कार्य 12 नवंबर तक चलेगा। जो युवा 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके मतदाता सूची में नाम बढ़वाने के लिए ऑनलाइन आवेदन एक अक्तूबर से पांच नवंबर 2020 तक कर सकेंगे। ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन छह दिसंबर 2020 को किया जाएगा, जिसके बाद उसी दिन से 12 दिसंबर तक लोगों से आपत्तियां/दावे लिए जाएंगे। इसके बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 29 दिसंबर 2020 को किया जाएगा।
एडीएम अरूण कुमार सिंह ने बताया है कि 1166 ग्राम पंचायतों में निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्य के लिए जारी समय सारिणी के अनुसार सभी सर्वे कार्य पूर्ण कराए जाएंगे। ड्यूटी में लगाए गए सभी बीएलओ और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देकर स्टेशनरी का वितरण कराया गया है। ऑनलाइन प्राप्त आवेदन पत्रों की छह से 12 नवंबर तक घर-घर जाकर जांच होगी। ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद उसका निरीक्षण कार्य छह दिसंबर से 12 दिसंबर तक किया जाएगा। इसी बीच प्राप्त होने वाले दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 13 दिसंबर से 19 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 20 से 28 दिसंबर 2020 तक पूरक सूचियों की पांडुलिपियां तैयार की जाएंगी। डीएम ने बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश दिवसों में संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे और निर्धारित समय सारिणी कार्यक्रम के अनुसार कार्रवाई पूर्ण कराई जाएगी।
सदर ब्लाक में बीएलओ को दिया गया प्रशिक्षण
लखीमपुर खीरी। सदर तहसील क्षेत्र की 281 ग्राम पंचातयों में सर्वे के लिए 440 बीएलओ और 62 पर्यवेक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है, जिन्हें बुधवार को सदर ब्लॉक में प्रशिक्षण दिया गया। एसडीएम सदर डॉ अरूण कुमार सिंह ने बताया कि सभी बीएलओ और पर्यवेक्षकों को जूम/गूगल मीट एप डाउनलोड कराया गया है, जिसके माध्यम से ऑनलाइन मीटिंग करके सर्वे कार्य की समीक्षा की जाएगी।
बीएलओ ट्रेनिंग का अनुदेशक/शिक्षामित्रों ने किया बहिष्कार
महेवागंज/सुंदरवल। फूलबेहड़ ब्लॉक में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में चयनित बीएलओ की समानुपातिक संख्या को लेकर अनुदेशक और शिक्षामित्रों ने बुधवार को ट्रेनिंग का बहिष्कार कर दिया। उन्होंने बीडीओ को प्रार्थना पत्र देकर सहायक अध्यापकों को भी बीएलओ सूची में शामिल करने की मांग की है।
ब्लॉक मुख्यालय पर बुधवार को 101 बीएलओ की मतदाता पुनरीक्षण कार्य की ट्रेनिग होनी थी। सूची में 98 अनुदेशक और शिक्षामित्र, जबकि शेष तीन नाम ही सहायक अध्यापकों के हैं। चयनित बीएलओ ने समानुपातिक दृष्टि से भेदभाव का आरोप लगाते हुए केवल शिक्षामित्रों/अनुदेशकों की ड्यूटी लगाने पर बीएलओ ट्रेंनिग का बहिष्कार कर दिया। इससे तहसील प्रशासन में खलबली मच गई। सूचना पर तहसीलदार उमाशंकर त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने सूची का पुनर्निर्धारण करने का आश्वासन दिया। साथ ही महिलाओं को ट्रेनिंग से छूट देने की बात कही। तब जाकर मामला शांत हुआ। ट्रेनिंग में जनमेजय, मुकेश दीक्षित, बिंदु, रामऔतार, संदीप कुमार, धीरेंद्र और प्रेम नारायण मौजूद रहे।
समानुपातिक सूची को लेकर बीएलओ ट्रेनिंग को आए कुछ लोगों ने आपत्ति जताई थी। महिलाओं के आवेदन के बाद उन्हें ट्रेनिंग से छूट दी गई है। शेष लोगों ने ट्रेनिंग कर ली है।
प्रीति तिवारी, बीडीओ फूलबेहड़
बीएलओ का प्रशिक्षण संपन्न
पसगवां। ग्राम पंचायत चुनावों के तहत बुधवार को ब्लॉक सभागार में बीडीओ अमित सिंह की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। इसमें तहसीलदार विकासधर दुबे, एडीओ पंचायत देवेंद्र कुमार,रजनीकांत पांडेय मौजूद रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में क्षेत्र के 87 बीएलओ मौजूद रहे।
बीएलओ प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों ने बताया कि ग्राम पंचायतों की निर्वाचन नामावलियाें के विस्तृत पुनरीक्षण का कार्य एक अक्तूबर से आरंभ हो रहा है। इसके तहत नामांकन सूची में नाम विलोपन, संशोधन, नाम परिवर्तन, नाम वृद्वि, नए मकानों व वर्तमान निर्वाचक नामावली में छूटे हुए मकानों के निर्वाचकों के नाम एवं परिवर्तन का कार्य किया जाएगा। क्षेत्र के बीएलओं को एक रजिस्टर में निर्वाचकों का नाम पता, आधार कार्ड के साथ रिकार्ड बनाया जाएगा। प्रशिक्षण के साथ बीएलओ को निर्वाचक गणना कार्य के लिए कागज, पेन, रजिस्टर, स्टाप पैड, ग्राम पंचायत के अंर्तगत आने वाले वार्डों का मानचित्र, वर्तमान नामावली की प्रति आदि दी गई है। नामावली पुनरीक्षण में बीएलओ के काम की मॉनीटरिंग के लिए आयोग द्वारा मोबाइल एप ई-बीएलओ एप से किया जाएगा।