लखीमपुर खीरी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर पुलिस फोर्स की रवानगी से पहले एसपी विजय ढुल ने शनिवार को ब्रीफिंग की, उन्होंने कहा कि सभी पोलिंग बूथों पर आवश्यक संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रहेगा। इस दौरान हिंसा या गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। अतिसंवेदनशील और संवेदनशील पोलिंग बूथों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी।
पुलिस लाइंस में एसपी विजय ढुल के निर्देशन में मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए तैयारियों की समीक्षा की गई। जनपदीय पुलिस बल सहित विभिन्न जनपदों से भारी संख्या में पुलिस बल उपलब्ध कराया गया है। एसपी विजय ढुल ने कहा कि पुलिस द्वारा सतत भ्रमणशील रहकर चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की हिंसा/अराजकता फैलाने वालों के विरुद्ध गुंडा, गैंगस्टर और एनएसए की कार्रवाई की जाएगी। प्रत्येक पोलिंग बूथ पर पर्याप्त संख्या में सशस्त्र पुलिस बल को तैनात किया गया है। इसके अलावा सेक्टर मोबाइल, जोनल मोबाइल, क्लस्टर मोबाइल टीमें भ्रमणशील रहकर संपूर्ण क्षेत्र में निगरानी कर रही हैं। अतिसंवेदनशील एवं संवेदनशील पोलिंग बूथों पर सीसीटीवी एवं सर्विलांस कैमरों द्वारा निगरानी रखी जाएगी।
एसपी ने कहा कि चुनाव के दौरान मतदान प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न एवं अराजकता या उपद्रव करने वालों को चिह्नित कर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मतदान के दौरान शांति-सुरक्षा व्यवस्था के लिए 504 एसआई, 12500 आरक्षी और होमगार्ड और 28 सेक्शन पीएसी सहित भारी संख्या में अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाया गया है। इसके अलावा आठ सीओ भ्रमणशील रहकर चुनाव प्रक्रिया पर नजर रखेंगे। इसके अतिरिक्त प्रत्येक थानों पर क्यूआरटी एवं एंटी रायट दल की भी तैनाती की गई है।
जनपद के समस्त नागरिकों से अपील करते हुए एसपी ने कहा कि सभी निर्भीक होकर बिना किसी डर के मतदान अवश्य करें। यदि कोई मतदान करने से रोकता है, तो इसकी सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 94544-17444 पर दें। यह सूचना गोपनीय रखी जाएगी एवं बाधा पैदा करने वालों के विरुद्ध जांच कर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम पंचायत पुनर्भूग्रंट और गोला देहात अतिसंवेदनशील प्लस
गोला गोकर्णनाथ। नगर से सटी अतिसंवेदनशील प्लस ग्राम पंचायत पुनर्भूग्रंट, गोला देहात में पुलिस और प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी, क्योंकि यहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों का दखल और दबाव रहता है। तहसील क्षेत्र की 25 न्याय पंचायतों में 190 ग्राम पंचायतों में बने 285 मतदान केंद्रों के 813 मतदेय स्थलों पर 509762 मतदाता हैं। इसे देखते हुए पुलिस और स्पेशल फोर्स मंगाया गया है। तहसील क्षेत्र में 23 संवेदनशील, 11 अति संवेदनशील और 14 अतिसंवेदनशील प्लस मतदान केंद्र हैं, जिनमें कोतवाली क्षेत्र के गोला देहात, तेंदुआ, पुनर्भूग्रंट, भुड़वारा, जलालपुर अतिसंवेदनशील प्लस मतदान केंद्रों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी।
एसडीएम एवं निर्वाचन अधिकारी अखिलेश यादव ने बताया कि आदर्श आचार संहिता के निर्देशानुसार शनिवार शाम छह बजे से चुनाव प्रचार बंद करा दिया गया है। रविवार को सुबह नौ बजे से ब्लॉक मुख्यालय से पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी।
ममरी। एसडीएम गोला अखिलेश यादव ने एसओ हैदराबाद अजय कुमार शर्मा आदि पुलिसकर्मियों के साथ हैदराबाद थाना क्षेत्र में आने वाले धिरावां, छितौनियां, परेली, बुधेली नानकार, अहमदनगर आदि संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्था देखी।