पलियाकलां। ई-रिक्शा से किए जा रहे कंबलों के वितरण को लेकर बार एसोसिएशन अध्यक्ष व तहसील प्रशासन के बीच मामला तूल पकड़ गया। बार एसोसिएशन अध्यक्ष ने बताया कि कंबलों में हेराफेरी प्रतीत हो रही, जबकि प्रशासन ने कंबलों का वितरण होना बताया। इधर, प्रशासन के खिलाफ वकीलों ने बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया।
तहसील से ई-रिक्शा पांच बंडल कंबल बुधवार शाम कहीं भेजे जा रहे थे। तहसील बार एसोसिएशन अध्यक्ष प्रदीप ने उन्हें रोका और सवाल खड़े किए। बातचीत काफी बढ़ गई। इसी बीच तहसीलदार ज्योति वर्मा पहुंच गई। उन्होंने बताया कि यह बांटने को जा रहे हैं। यदि कोई आपत्ति है तो उन्हें बताए, किसी कर्मचारी पर हाथ उठाना गलत है।
एसडीएम ने बताया कि कंबलों को बेचने के आरोप पूरी तरह गलत हैं। पहले इन कंबलों को विधायक के हाथों उनके आवास पर बंटवाया जाना था, लेकिन विधायक शहर से बाहर होने इसमें देरी हुई। वहीं अध्यक्ष प्रदीप मेंनरो ने कहा कि शाम के अंधेरे में कंबल ले जाना संदेह पैदा करता है। इस मामले में तहसील प्रशासन और वकीलों के बीच तनाव की स्थिति बनी है। बृहस्पतिवार को वकीलों ने प्रदर्शन भी किया ।