आवास के लिए पहली किस्त का 10 लाख रुपये जारी
बिजुआ के बाद मछुआ आवास योजना के अंतर्गत पलिया ब्लाक की ग्राम पंचायत विचित्रनगर के मजरा सुमेरनगर में 10 मछुआरों का चयन किया गया है। मौजूदा वित्तीय 2015-16 में उनके आवासों के लिए पहली किस्त के रूप में 10 लाख स्वीकृत किए गए हैं। ये सभी मछुआरे मत्स्य पालन से जुड़े हैं, लेकिन इनके सिर पर छत नहीं है। झोपड़ी बनाकर अपना और परिवार का गुजारा करते हैं। दुधवा पार्क के समीप होने की वजह से जंगली हाथी आए दिन इनकी झोपड़ियां तहस-नहस कर देते हैं। इससे काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
मत्स्य विभाग के सहायक निदेशक अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि एक आवास के लिए शासन से 3.5 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। जिन मछुआरों के आवास स्वीकृत हुए हैं, उनमें विजय कुमार, मुन्नी लाल, तिलक चंद, राजेश कुमार, हरिशंकर, रमेश कुमार, मानिक चुंद, राजकुमार, रमेश कुमार, बुझावन शामिल हैं। सहायक निदेशक ने बताया कि आवास पाने वाले मछुआरों के पास जमीन नहीं है और झोपड़ी में रहने की वजह से इन्हें जंगली हाथियों का डर रहता है। इनके आवासों के निर्माण के लिए एक-दो दिनों में आरटीजीएस के माध्यम से राशि उनके बैंक खातों में भेज दी जाएगी। इसके बाद सोलर लाइट लगाने के लिए भी धनराशि दी जाएगी। बता दें कि इससे पहले वर्ष 2014-15 में बिजुआ ब्लाक की ग्राम पंचायत बझेड़ा में 10 मछुआरों आवास स्वीकृत किए गए थे। मंगलवार को उनके यहां एक आवास में सोलर लाइट लगाने के लिए 30 हजार रुपये स्वीकृत किया गया। सहायक निदेशक ने बताया कि जल्द ही सोलर लाइट का बजट लाभार्थियों के खाते में भेज दिया जाएगा।